Asaduddin Owaisi News: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव 2027 को लेकर मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर जोर दिया। बीजेपी की बी-टीम के आरोपों और औरंगजेब विवाद पर भी बोले।
मुंबई। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुंबई में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि ‘अब्दुल सिर्फ पंचर ही क्यों बनाए, वह मुख्यमंत्री भी बन सकता है।’ उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन और सीटों को लेकर पूछे गए सवाल पर ओवैसी ने कहा कि इन सभी सवालों के जवाब जल्द सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुस्लिम समुदाय की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका जोर इस बात पर रहा कि मुस्लिम समाज को राजनीति में अधिक अवसर मिलने चाहिए।
बीजेपी की बी-टीम कहे जाने पर पलटवार
AIMIM पर भाजपा की बी-टीम होने के आरोपों पर ओवैसी ने विरोधियों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को इस तरह का तमगा देना विरोधियों का काम है। ओवैसी ने दावा किया कि कई राज्यों में उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को हराने के लिए रणनीति बनाई जाती है। उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील का उदाहरण देते हुए कहा कि वह महज 1,400 वोटों के अंतर से चुनाव हारे थे।
औरंगजेब विवाद पर भी रखी राय
महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों में औरंगजेब को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर ओवैसी ने कहा कि अतीत के विवादों में उलझे रहने से कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि देश को विकसित भारत बनाना है तो ऐतिहासिक विवादों को पीछे छोड़कर भविष्य की ओर बढ़ना होगा।
ओवैसी के इस बयान को उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM की राजनीतिक तैयारियों और मुस्लिम प्रतिनिधित्व के मुद्दे को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी का गठबंधन और सीटों को लेकर अंतिम रुख अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
