जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों पर आतंकी हमला। बाइक सवार हमलावरों की गोलीबारी में तीन जवान घायल, सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में बुधवार को आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को निशाना बनाकर हमला कर दिया। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए। घटना उस समय हुई, जब जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जिले में आयोजित वेशोव महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम में तैनात CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में घायल दो जवानों को अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक जवान को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों और पुलिस ने इलाके में मोर्चा संभाल लिया। हमलावरों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एवेंजर मोटरसाइकिल की पहचान कर ली है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
CRPF के एक अधिकारी ने बताया कि घायल जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है। गौरतलब है कि जुलाई में कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद यह क्षेत्र में पहली बड़ी आतंकी वारदात बताई जा रही है।