अखिलेश यादव ने लखनऊ में नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे ‘खजांची’ का 10वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और रोजगार, महंगाई व मतदाता सूची (SIR) को लेकर सवाल उठाए।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में जन्मे ‘खजांची’ का 10वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने खजांची को जन्मदिन का उपहार भी दिया। अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दस साल पूरे होने पर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी को दस साल हो गए हैं और खजांची भी अब दस साल का हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खजांची के साथ ही 2000 रुपये के नोट का भी जन्म हुआ था, लेकिन अब वह चलन में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को खजांची को गोद ले लेना चाहिए, लेकिन आशंका है कि कहीं उसे गोद लेकर फिर अनाथ न छोड़ दिया जाए।
नोटबंदी को लेकर बीजेपी पर लगाए आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नोटबंदी से छोटे कारोबारियों, व्यापारियों और उद्योगों को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी का कोई भी घोषित लक्ष्य पूरा नहीं हुआ और आम लोगों को आज भी इसके परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। उन्होंने बैंकिंग व्यवस्था और पेनल्टी के नाम पर खाताधारकों से पैसे काटे जाने को लेकर भी सवाल उठाए।
मौलाना आजाद को किया याद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश के विभाजन का विरोध करने और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने भगवान चित्रगुप्त का भी स्मरण किया।
मतदाता सूची और रोजगार के मुद्दे पर भी घेरा
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 1.27 करोड़ वोट कटने की आशंका है और कहा कि समाजवादियों ने पहले जो सवाल उठाए थे, अब उन्हीं मुद्दों पर दूसरे लोग भी बात कर रहे हैं।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने पूछा कि पिछले दस वर्षों में कितने युवाओं को सरकारी नौकरी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियुक्तियों का सही आंकड़ा नहीं बता पा रही है। इसके अलावा उन्होंने यूपीडा के टेंडरों में गड़बड़ी और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रखरखाव को लेकर भी आरोप लगाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को लेकर अपना मन बना चुकी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सरसों का तेल और घी मुफ्त देने का वादा भी किया, यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है।