लखनऊ के मानकनगर में हिस्ट्रीशीटर छोटू कालिया की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। सिगरेट को लेकर हुए विवाद में लोहे के पाइप और ईंट से हमला करने के आरोपी वीरेश उर्फ किंकी राजपूत को 24 घंटे में गिरफ्तार किया गया।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मानकनगर थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर रमाशंकर उर्फ छोटू कालिया की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि महज एक सिगरेट न देने को लेकर हुए विवाद में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 नवंबर की शाम वह रमाशंकर के घर गया था। उस समय रमाशंकर शराब के नशे में था। उसने आरोपी से सिगरेट मांगी, लेकिन सिगरेट नहीं होने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रमाशंकर ने गाली-गलौज करते हुए पास में पड़ा ईंट का अध्धा उठाकर आरोपी के सिर पर मार दिया।
इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आए आरोपी ने लोहे के पाइप और ईंट के अध्धे से रमाशंकर के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से रमाशंकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।
अगले दिन सुबह छत पर रमाशंकर का खून से लथपथ शव मिला। मृतक के बेटे आशु की तहरीर पर मानकनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी राजपूत को आलमबाग क्षेत्र के रामनगर स्थित स्लीपर ग्राउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने सिगरेट को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना एसीपी कैंट कर रहे हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।