जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बाइक सवार संदिग्ध आतंकियों ने CRPF चेकपोस्ट पर फायरिंग की। हमले में 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हुए। हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर संदिग्ध आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की चेकपोस्ट पर हमला कर दिया। बाइक सवार दो हमलावरों की ओर से की गई गोलीबारी में CRPF के तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है।
जानकारी के मुताबिक, हमला बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले के अखरन नवपोरा इलाके में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
तीन जवानों को लगी गोली
हमले में घायल तीनों जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक जवान के पैर में, दूसरे के पेट और रीढ़ के आसपास तथा तीसरे जवान के बाएं हाथ में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल एक जवान को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल भेजा गया, जबकि दो अन्य जवानों को अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
CRPF के एक अधिकारी ने बताया कि कुलगाम में CRPF नाके पर फायरिंग हुई है, जिसमें तीन जवान घायल हुए हैं। हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। कुलगाम और पड़ोसी अनंतनाग जिले के आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई एवेंजर मोटरसाइकिल की पहचान की है।
हमले के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। मोटरसाइकिल सवारों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। श्रीनगर शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
,