• Home  
  • स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ का जलवा, देश के सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में लगातार तीसरी बार तीसरा स्थान
- उत्तरप्रदेश - लखनऊ

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ का जलवा, देश के सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में लगातार तीसरी बार तीसरा स्थान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में देश में तीसरा स्थान बरकरार रखा। वाराणसी नदी तटीय नगरों में तीसरे और गाजियाबाद यूपी का सबसे स्वच्छ शहर बना। लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की राष्ट्रीय रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राजधानी लखनऊ ने देश […]

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ नगर निगम के प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करते हुए।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में देश में तीसरा स्थान बरकरार रखा। वाराणसी नदी तटीय नगरों में तीसरे और गाजियाबाद यूपी का सबसे स्वच्छ शहर बना।

लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की राष्ट्रीय रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राजधानी लखनऊ ने देश के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लगातार दूसरी बार तीसरा स्थान हासिल कर अपनी उपलब्धि बरकरार रखी है। वहीं, वाराणसी को नदी तटीय नगरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान मिला है, जबकि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ नगर निगम को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लखनऊ की ओर से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लखनऊ की उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।

लगातार दूसरी बार तीसरी रैंक पर लखनऊ

लखनऊ के लिए यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि शहर ने पिछले सर्वेक्षण में हासिल तीसरे स्थान को इस बार भी बरकरार रखा है। नगर निगम की ओर से कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं।

नगर निगम ने करीब 20 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे (Legacy Waste) का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया है। इससे लगभग 46 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग के योग्य बनाया गया। शहर में प्रतिदिन दो हजार मीट्रिक टन से अधिक ठोस कचरा निकलता है। इसके प्रबंधन के लिए आधुनिक प्रसंस्करण संयंत्र, कचरे का पृथक्करण और बेहतर परिवहन व्यवस्था विकसित की गई है।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी लखनऊ अव्वल

स्वच्छता के साथ वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में भी लखनऊ ने उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 198 अंक प्राप्त कर 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया था। वहीं, नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड-70 यानी पेपर मिल कॉलोनी ने 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया।

कचरा प्रबंधन में तकनीक और जनभागीदारी पर जोर

लखनऊ नगर निगम ने कचरे के संग्रहण से लेकर उसके निस्तारण तक की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया है। घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने, जैविक कचरे से खाद बनाने और RDF (Refuse Derived Fuel) के उपयोग पर जोर दिया गया है।

निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे के प्रसंस्करण में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP Model) को भी बढ़ावा दिया गया है। GPS ट्रैकिंग और डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से कचरा संग्रहण एवं परिवहन की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, जागरूकता अभियान और सामुदायिक गतिविधियों के जरिए नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ा जा रहा है।

तीन बड़ी परियोजनाओं पर काम

शहर में कचरे के बेहतर निस्तारण के लिए तीन प्रमुख परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इनमें पेड़ों की छंटाई और पत्तियों से निकलने वाले बागवानी कचरे के निस्तारण के लिए हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्लांट, जैविक कचरे से बायो-CNG बनाने के लिए CBG प्लांट और गैर-पुनर्चक्रण योग्य कचरे से ऊर्जा उत्पादन के लिए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से कचरे के परिवहन और निस्तारण पर होने वाले खर्च को कम करने के साथ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी को नदी तटीय नगरों में राष्ट्रीय सम्मान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में वाराणसी ने भी राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। काशी को नदी तटीय नगरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान मिला है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया। वाराणसी की ओर से नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुरस्कार ग्रहण किया।

यह उपलब्धि गंगा घाटों की नियमित सफाई, गंगा में प्रदूषण नियंत्रण, नालों की टैपिंग, आधुनिक सीवरेज प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी से जुड़े प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

गाजियाबाद बना यूपी का सबसे स्वच्छ शहर

इस सर्वेक्षण में गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के शहरों की उपलब्धियों को नगरीय प्रबंधन, सफाई मित्रों के परिश्रम और नागरिकों की सहभागिता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगर निकाय स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के योगदान की सराहना की। साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

We are a trusted news portal delivering the latest updates, breaking news, and in-depth stories from around the world. Our goal is to keep you informed, every time.

 

Address : 18/587, behind : Hanuman Mandir, opposite :Lucknow, Uttar Pradesh, India , 226016

Email Us: up24networkk@gmail.com

Contact: +91 95111 50055

Quick Link

Top Categories

UP24Network. All Rights Reserved.