केंद्र सरकार ने भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए वीजा नियम सरल किए हैं। मुख्य वीजा श्रेणियां 13 से घटाकर 9 और उपश्रेणियां 49 से 23 की गईं। इससे पर्यटन, मेडिकल टूरिज्म और विदेशी छात्रों को बढ़ावा मिलेगा।
नई दिल्ली। भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार ने वीजा व्यवस्था (Visa Regime) को सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) ने वीजा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है, जबकि उपश्रेणियों को 49 से घटाकर 23 किया गया है। सरकार का उद्देश्य विदेशी पर्यटकों, मेडिकल टूरिस्ट और विदेशी विद्यार्थियों की भारत में आमद बढ़ाना है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, वीजा व्यवस्था को आसान बनाने के लिए विभिन्न देशों की प्रणालियों और वैश्विक मानकों का अध्ययन किया गया। इसके बाद समान उद्देश्यों वाली वीजा श्रेणियों को एकीकृत किया गया, ताकि विदेशी नागरिक अपनी यात्रा के उद्देश्य के अनुसार सही वीजा का चयन आसानी से कर सकें।
टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा
सरकार ने पहले से जारी टूरिस्ट वीजा (Tourist Visa) का नाम बदलकर विजिटर वीजा (Visitor Visa) कर दिया है। इसे दो उपश्रेणियों V-1 और V-2 में बांटा गया है। V-1 वीजा 30 दिनों के लिए मल्टीपल एंट्री के साथ जारी होगा। इसके तहत पर्यटन के अलावा व्यावसायिक बैठकें, मेडिकल परामर्श, वेलनेस रिट्रीट और भारतीय भाषा, संगीत, कला एवं शिल्प के अल्पकालिक पाठ्यक्रम जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
वहीं, V-2 वीजा एक, पांच या दस वर्ष की अवधि के लिए जारी किया जा सकेगा। इसमें V-1 के तहत अनुमत गतिविधियों के साथ पर्वतारोहण (Mountaineering) भी शामिल है। पर्वतारोहण के लिए छह महीने का मल्टीपल एंट्री वीजा दिया जाएगा।
मेडिकल वीजा में AYUSH के लिए अलग व्यवस्था
मेडिकल वीजा (Medical Visa) की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। M-1 वीजा सामान्य चिकित्सा उपचार के लिए और M-3 वीजा आयुष पद्धति (AYUSH Treatment) के तहत इलाज के लिए होगा। दोनों वीजा सामान्य रूप से एक वर्ष की अवधि और मल्टीपल एंट्री के साथ जारी किए जाएंगे। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों या सहायकों के लिए M-2 और M-4 वीजा की व्यवस्था भी की गई है।
सरकार का मानना है कि इससे इलाज के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को बार-बार वीजा आवेदन करने की जरूरत कम होगी और मेडिकल वैल्यू ट्रैवल को बढ़ावा मिलेगा।
विदेशी छात्रों के लिए दो श्रेणियां
स्टूडेंट वीजा (Student Visa) को भी दो प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। S-1 वीजा स्कूल, स्नातक और परास्नातक शिक्षा के लिए होगा, जबकि S-2 वीजा पीएचडी, शोधार्थियों, विजिटिंग फैकल्टी, इंटर्नशिप और एक्सचेंज कार्यक्रमों सहित निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जारी किया जाएगा।
स्टडी इन इंडिया पोर्टल के माध्यम से भारतीय शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने वाले पात्र विदेशी छात्रों को ई-S1 वीजा अधिकतम पांच वर्ष या पाठ्यक्रम की अवधि तक, जो भी कम हो, मल्टीपल एंट्री के साथ दिया जा सकेगा।
बिजनेस वीजा भी दो श्रेणियों में
बिजनेस वीजा (Business Visa) को B-1 और B-2 श्रेणियों में समेकित किया गया है। B-1 वीजा भारत में उद्योग या कारोबार स्थापित करने जैसी दीर्घकालिक और लाइसेंस आधारित गतिविधियों के लिए होगा। वहीं, B-2 वीजा अल्पकालिक और अनुबंध आधारित व्यावसायिक गतिविधियों, सम्मेलनों, खेल, प्रदर्शन कला और फिल्मों से जुड़ी यात्राओं के लिए होगा।
इसके अलावा, भारतीय कंपनियों के साथ तकनीकी कार्यों, मशीनों की स्थापना, गुणवत्ता जांच, रखरखाव, आईटी और प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों में शामिल विदेशी विशेषज्ञों एवं इंजीनियरों के लिए भी B-2 श्रेणी के तहत विशेष प्रावधान किया गया है।
वीजा आवेदन फॉर्म भी होंगे आसान
गृह मंत्रालय ने बताया कि 23 वीजा श्रेणियों और उपश्रेणियों के आवेदन फॉर्म में जरूरी जानकारियों और कॉलम की संख्या में लगभग 65 से 70 प्रतिशत तक कमी की गई है। इससे आवेदन प्रक्रिया आसान होगी और वीजा जारी करने में प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी।
मंत्रालय के मुताबिक, नई व्यवस्था को लागू करने के लिए आईटी सिस्टम में बदलाव किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 के अंत तक नई व्यवस्था के अनुसार वीजा जारी किए जाने की योजना है। वर्तमान में भारत की ई-वीजा सुविधा 172 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है।
सरकार का कहना है कि वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने से भारत में पर्यटन, चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा और निवेश के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।