असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरे। कई यात्री घायल होने की खबर, रेलवे का राहत-बचाव अभियान जारी।
गुवाहाटी। असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से बड़ा रेल हादसा हो गया। हादसे में ट्रेन के इंजन समेत सात डिब्बे पटरी से उतरने की शुरुआती जानकारी सामने आई है। कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। दुर्घटना के बाद रेलवे और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर अभियान चला रहे हैं।
रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:54 बजे कामरूप मेट्रो जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर हुआ। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं मिली है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
मिजोरम से कोलकाता जा रही थी ट्रेन
कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान डिगारू स्टेशन के पास ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे की टीमें प्रभावित डिब्बों में फंसे यात्रियों की मदद और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हैं।
रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। रेलवे की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
