Rampur Murder: रामपुर में 2007 CRPF कैंप आतंकी हमले के मामले में दोषी ठहराए गए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या। सफेद अपाचे बाइक पर आए दो नकाबपोश हमलावरों की तलाश में पुलिस जुटी।
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में वर्ष 2007 के सीआरपीएफ (CRPF) ग्रुप सेंटर आतंकी हमले के मामले में दोषी ठहराए गए और बाद में हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद जेल से रिहा हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को खजुरिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल शरीफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों हमलावर सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे ढक रखे थे। वारदात के दौरान उन्होंने मोहम्मद शरीफ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
2007 के आतंकी हमले में आया था नाम
मोहम्मद शरीफ का नाम वर्ष 2007 में रामपुर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में सामने आया था। इस मामले में रामपुर की सेशन कोर्ट ने उसे मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। हालांकि, बाद में हाईकोर्ट ने उसकी फांसी की सजा रद्द कर दी थी, जिसके बाद वह जेल से रिहा हो गया था।
भाई ने बताई वारदात की जानकारी
मृतक के भाई गुलफाम ने बताया कि वह घर से बाहर थे, तभी उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके भाई को गोली मार दी गई है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मोहम्मद शरीफ की मौत की जानकारी मिली। गुलफाम के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक सफेद अपाचे बाइक से आए थे और उनके चेहरे ढके हुए थे। परिवार के लोग हमलावरों की पहचान नहीं कर सके। बाइक का नंबर भी पता नहीं चल पाया।

पुलिस ने गठित की जांच टीम
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि हत्या की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।