अविमुक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम को 26 शर्तों पर मंजूरी, आशियाना में कल गो-प्रतिष्ठा अभियान
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के 11 मार्च को प्रस्तावित गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान को प्रशासन ने अनुमति दे दी है। हालांकि यह अनुमति 26 शर्तों के साथ दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी भी शर्त का उल्लंघन हुआ तो कार्यक्रम की अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
सोमवार देर रात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। बैठक में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एलडीए स्मारक समिति के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
Aashiyana Lucknow में होगा कार्यक्रम
यह कार्यक्रम आशियाना के पासी किला चौराहे के पास स्थित कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल पर आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थाने की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा है। आयोजन स्थल पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, आयोजकों ने तीन दिन के कार्यक्रम के लिए लगभग 4.50 लाख रुपये शुल्क स्मारक समिति को जमा कराया है।
कार्यक्रम के लिए प्रशासन की 26 शर्तें
प्रशासन ने अनुमति के साथ कई सख्त शर्तें भी लागू की हैं। इनमें प्रमुख शर्तें इस प्रकार हैं:
धर्म, जाति, भाषा या संप्रदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण नहीं होंगे।
किसी राजनीतिक या धार्मिक व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी नहीं की जाएगी।
नाबालिगों से विवादित नारे नहीं लगवाए जाएंगे।
सीमित संख्या में वाहनों का प्रवेश होगा, यातायात बाधित नहीं किया जाएगा।
हथियार, आतिशबाजी और हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
ध्वनि स्तर 75 डेसीबल से अधिक नहीं होगा और रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बंद रहेगा।
जुलूस या शोभायात्रा की अनुमति नहीं होगी।
किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शर्त के उल्लंघन पर कार्यक्रम की अनुमति तुरंत रद्द कर दी जाएगी।
शीतला अष्टमी पर होगा मुख्य कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार, 11 मार्च को शीतला अष्टमी के अवसर पर दोपहर 2:15 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ‘गो-प्रविष्ठा धर्मयुद्ध’ का औपचारिक शंखनाद करेंगे और समर्थकों को संबोधित करेंगे।कार्यक्रम में संत-समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
काशी से लखनऊ तक यात्रा पर शंकराचार्य
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों काशी से लखनऊ तक जनजागरण यात्रा पर हैं। इस दौरान जौनपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, मोहनलालगंज, उन्नाव और नैमिषारण्य समेत कई स्थानों पर सभाएं प्रस्तावित हैं।
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा गौ-रक्षा और गो-प्रतिष्ठा अभियान के तहत जनजागरण के उद्देश्य से निकाली जा रही है, जिसका मुख्य कार्यक्रम 11 मार्च को लखनऊ में आयोजित होगा।








