लखनऊ में BJP विधायक के भतीजे की मौत, फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव; पार्टनर्स पर धोखाधड़ी का आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोंडा जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे का शव उनके किराए के फ्लैट में मिला है। युवक का शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटका हुआ पाया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
फ्लैट में अकेले रहते थे, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचा मकान मालिक
मृतक बलरामपुर का रहने वाला था और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के रिश्ता मैनहैटन अपार्टमेंट में किराए पर रह रहा था।1 फरवरी की शाम जब मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचा और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, तो शक होने पर सिक्योरिटी गार्ड की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे में युवक का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी, मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, परिजनों को बुलाया गया और शव को नीचे उतरवाया गया। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इंस्टाग्राम पोस्ट जांच के घेरे में
परिजनों के मुताबिक, मृतक ने 24 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिम करते हुए शेयर किए गए इस वीडियो में लिखा था—“आपका बुरा भगवान नहीं, हम करेंगे।” वीडियो के बैकग्राउंड में चल रहे गाने के बोल भी पुलिस जांच के दायरे में हैं। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों को भी खंगाल रही है।
पार्टनर्स पर पैसों की धोखाधड़ी का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा था और उसके कुछ पार्टनर्स ने पैसों को लेकर धोखाधड़ी और घपला किया था। काफी समय से उसे उसका पैसा नहीं दिया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।इस संबंध में परिजनों ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आरोपी पार्टनर्स के खिलाफ तहरीर दी है और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
राजनीतिक परिवार से जुड़ा मामला
मृतक के फूफा विनय कुमार द्विवेदी गोंडा की मेहनौन विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर चुके हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी पहले चुनावी राजनीति से जुड़े रहे हैं।







