प्याज 116% और लहसुन 61% महंगा होने से खाद्य महंगाई बढ़ गई है। दूध, पनीर और दही के दामों में भी बढ़ोतरी से आम लोगों का रसोई बजट प्रभावित हो सकता है।
नई दिल्ली। अक्टूबर महीने में खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। प्याज और लहसुन के दामों में तेजी से बढ़ोतरी ने आम लोगों के रसोई बजट पर दबाव बढ़ा दिया है। वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, अक्टूबर में प्याज की कीमतों में 116 प्रतिशत और लहसुन में 61 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
खाद्य पदार्थों की कीमतों में इस तेजी का असर आम परिवारों के रोजमर्रा के खर्च पर पड़ सकता है। प्याज और लहसुन जैसे जरूरी खाद्य पदार्थों के महंगे होने से घरों में खाना बनाने का खर्च बढ़ने की संभावना है।
दूध, पनीर और दही भी हुए महंगे
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर महीने में दूध के दाम 4.6 प्रतिशत, पनीर की कीमतों में 5.7 प्रतिशत और दही में 4.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा खाद्य तेल, दालों और प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी महंगाई देखी गई।
शादी और त्योहारों के सीजन में बढ़ सकती है चिंता
त्योहारों और शादी के सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच कीमतों में बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बन सकती है। मंत्रालय ने डेयरी उत्पादों के दामों में आगे भी बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
