मुरादाबाद के पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी की संभल के बहजोई में आयोजित सपा सांसद जावेद अली खां के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में जेब कट गई। उनकी दोनों जेबों से करीब 27 हजार रुपये चोरी होने का दावा है।
मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खां के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता हाजी इकराम कुरैशी की जेब कट गई। पूर्व मंत्री के मुताबिक, जेबकतरे उनकी दोनों जेबों से करीब 27 हजार रुपये निकाल ले गए। यह कार्यक्रम संभल जिले के मुख्यालय बहजोई में आयोजित किया गया था, जिसमें हाजी इकराम कुरैशी भी शामिल होने पहुंचे थे।
पूर्व मंत्री ने पत्रकारों को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक जेब में 25 हजार रुपये और दूसरी जेब में करीब ढाई हजार रुपये रखे थे। कार्यक्रम के दौरान किसी ने उनकी दोनों जेबों पर हाथ साफ कर दिया।घटना के बाद पत्रकारों ने जब पूर्व मंत्री से सवाल पूछे तो वह नाराज हो गए। उन्होंने कहा, “मेरी मत खराब हो रही है और तुम मुझसे उल्टे सीधे सवाल पूछ रहे हो।”
अखिलेश सरकार में दर्जा राज्य मंत्री रह चुके हैं कुरैशी
हाजी इकराम कुरैशी अखिलेश यादव की सरकार में दर्जा राज्य मंत्री रह चुके हैं। वह वर्ष 2017 में मुरादाबाद देहात सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक भी चुने गए थे। वर्ष 2022 में सपा से टिकट कटने के बाद नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए।
इसके बाद उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद ग्रामीण सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में उनकी जमानत भी जब्त हो गई थी।