वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में अवैध असलहा तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। ATS से प्रशिक्षित कांस्टेबल अमित शुक्ला तीन गोलियां लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी राज विश्वकर्मा भी घायल हुआ, जबकि एक बदमाश फरार है।
वाराणसी। वाराणसी में अवैध असलहों की बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में लंका थाने में तैनात कांस्टेबल अमित शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तीन गोलियां लगी हैं। एक गोली हाथ में, जबकि दो गोलियां कमर के ऊपरी हिस्से में लगी हैं। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल सामान्य है।
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे सुंदरपुर सब्जी मंडी के पीछे आशुतोष नगर क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। इसके बाद लंका थाने की क्राइम ब्रांच टीम के चार जवान मौके पर पहुंचे। टीम के दो जवान आगे बढ़े, जबकि दो जवान पीछे से उन्हें कवर कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल अमित शुक्ला घायल हो गए।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और लोहता तक पहुंच गई। वहां आरोपियों की घेराबंदी के दौरान एक बार फिर पुलिस पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे भी इलाज के लिए BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीसीपी गौरव बसंवाल के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
