अटल स्वास्थ्य मेला-6 का उद्घाटन, डिप्टी CM केशव मौर्य का अखिलेश पर तीखा हमला
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर 2 दिवसीय अटल स्वास्थ्य मेला-6 का आयोजन किया गया है। यह निःशुल्क स्वास्थ्य मेला लखनऊ के विकास नगर स्थित मिनी स्टेडियम में लगाया गया है।मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया।
अखिलेश यादव पर फिर हमला
उद्घाटन समारोह के दौरान डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद अखिलेश यादव का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है।डिप्टी सीएम ने व्यंग्य करते हुए कहा, “मैं नीरज सिंह से कहूंगा कि अखिलेश यादव को यहां बुलाकर उनका इलाज करवा दें।”
पटना एयरपोर्ट का किस्सा भी सुनाया
केशव मौर्य ने मंच से एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार पटना एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव उनसे मिले थे और लड्डू खिलाने की बात कही थी। उन्होंने कहा, “हमने कहा था कि 14 तारीख आने दीजिए, नीतीश सरकार में लड्डू खिलाएंगे। उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा है।”
जरूरतमंदों को कंबल बांटने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने मंच से ही जिला अधिकारी को फोन कर निर्देश दिए कि अटल स्वास्थ्य मेले में आए जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए जाएं।








