Lucknow Encounter: मां-नेत्रहीन बेटे के हत्यारे को पुलिस ने मारी गोली, ₹160 के विवाद में हुआ था डबल मर्डर
लखनऊ में मां और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मार दी। गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घिरने के बाद तमंचे से फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। यह हाफ एनकाउंटर बुधवार देर रात हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहनलालगंज के सिसेंडी कस्बे के रहने वाले किशन रावत के रूप में की है। आरोपी पिछले दो दिनों से फरार था और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार तलाश कर रही थीं।
नहर किनारे रास्ते पर हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ हुलासखेड़ा से खुजौली जाने वाले नहर किनारे रास्ते पर हुई। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी ने ₹160 की उधारी के विवाद में मां और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या कर दी थी।मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद वह गिर पड़ा। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हुलासखेड़ा से खुजौली की ओर नहर किनारे रास्ते से भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाजखेड़ा-हुलासखेड़ा ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी कर दी।पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और उसने .315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी के पास से
.315 बोर का तमंचा
दो कारतूस और खोखा बरामद किया है।
हत्या से पहले महिला से रेप की कोशिश
पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश भी की थी। इसके आधार पर केस में रेप की धारा भी बढ़ाई गई है।
₹160 की उधारी को लेकर हुआ था विवाद
जांच में पता चला कि आरोपी पर महिला की दुकान के 160 रुपये उधार थे। महिला लगातार उससे पैसे मांग रही थी। दो दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम आरोपी ने पहले शराब पी और फिर पैसे देने के बहाने महिला के घर पहुंच गया। उस समय घर पर उसका नेत्रहीन बेटा मौजूद था।कुछ देर बाद जब महिला घर पहुंची तो आरोपी फिर वहां आ गया। इसी दौरान नेत्रहीन बेटे ने आवाज सुनकर उसे गाली दे दी। इससे गुस्साए आरोपी ने उसे लात मार दी और वह पानी के हौद में गिर गया। आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों को बेरहमी से पीटा
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक आरोपी का व्यवहार साइको किस्म का है। हत्या के बाद उसने मां और बेटे के कपड़े उतार दिए और दोनों को थप्पड़ व डंडे से पीटा।नेत्रहीन किशोर की मौत की पुष्टि करने के लिए उसने उसका सिर पानी भरे हौद में डुबो दिया।
शराब का आदी है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी किशन रावत शराब का आदी है और अक्सर नशे में अपनी पत्नी और बच्चों से मारपीट करता था। उसकी हरकतों से परेशान होकर उसकी पत्नी कई साल पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
घर में मिली थी मां-बेटे की लाश
10 मार्च की रात मोहनलालगंज के सिसेंडी गांव में 48 वर्षीय महिला और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या कर दी गई थी। महिला परचून की छोटी दुकान चलाकर अपने बेटे का पालन-पोषण करती थी।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो
बेटे की लाश पानी के हौद में डूबी मिली
उसके ऊपर दूसरा हौद रखा था
महिला का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा था
गले में कपड़ा लिपटा हुआ था








