उरई गैस सिलेंडर ब्लास्ट में 13 बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए। शांतिनगर में चाय बनाते समय सिलेंडर फटने से हादसा हुआ। 19 घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जालौन। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के जालौन जिले के उरई में रविवार शाम घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट (Gas Cylinder Blast) होने से बड़ा हादसा हो गया। शहर के शांतिनगर मोहल्ले में हुए इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
चाय बनाते समय रेगुलेटर में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, शांतिनगर के वार्ड नंबर सात में पार्षद माता प्रसाद के घर रविवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान गैस रेगुलेटर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर परिवार के सदस्य और आसपास मौजूद लोग आग बुझाने की कोशिश करने लगे।
इसी बीच सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। विस्फोट के बाद आग की लपटें दरवाजे और खिड़कियों से बाहर निकलीं, जिसकी चपेट में आसपास खड़े लोग आ गए। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
13 बच्चों समेत 23 लोग झुलसे
इस हादसे में कुल 23 लोग झुलसकर घायल हुए हैं। इनमें 13 बच्चे, पांच महिलाएं और पांच पुरुष शामिल बताए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि चार घायलों का उपचार उरई जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
तीन मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त
सिलेंडर विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के तीन मकानों की दीवारें भी दरक गईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
पुलिस के अनुसार, सिलेंडर में आग लगने और विस्फोट होने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।
