योगी आदित्यनाथ मां से भिक्षा मांगने पहुंचे थे तो मां उन्हें देखकर यकीन नहीं कर पाई थीं। जानिए संन्यास के बाद का यह भावुक किस्सा और मां के नाम लिखी पाती।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अपनी मां को याद करते हुए एक भावुक पाती लिखी है। इसमें उन्होंने संन्यास ग्रहण करने के बाद मां से भिक्षा मांगने के उस प्रसंग को साझा किया, जब भगवा वस्त्र में अपने बेटे को देखकर मां को यकीन नहीं हो पाया था। मां ने उनसे पूछा था- बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘योगी की पाती’ साझा करते हुए मां के प्रति अपने प्रेम, ममता और संस्कारों को याद किया। उन्होंने लिखा कि मां केवल जननी नहीं, बल्कि जगत-जननी हैं। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। वह हर किसी की जगह ले सकती हैं, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता।
संन्यास के बाद मां से भिक्षा मांगने पहुंचे थे योगी
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में लिखा कि जब उनकी प्रथम गुरु और उन्हें अक्षर ज्ञान देने वाली मां अनंत यात्रा पर चली गईं, तब उनके सामने संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद का वह दृश्य कौंध गया, जब वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गोरखपुर से अपने पैतृक गांव पंचूर की यात्रा के दौरान उनके मन में भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था। संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार उन्होंने घर पहुंचकर भिक्षा के लिए आवाज लगाई।
आवाज सुनकर मां बाहर आईं, लेकिन भगवा वस्त्र में बेटे को देखकर उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पाया। मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही योगी ने कहा- मां, भिक्षा दीजिए।
मां ने पूछा था- घर में क्या कमी थी?
योगी आदित्यनाथ ने पाती में लिखा कि मां ने खुद को संभालने की कोशिश की और उनसे पूछा, “बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?”
इस पर उन्होंने मां को जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने मां से कहा था, “मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।”
योगी ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।
मां के न होने का अर्थ भावनात्मक सुरक्षा का छिन जाना
मुख्यमंत्री ने मां के महत्व का उल्लेख करते हुए लिखा कि मां के न होने का अर्थ केवल किसी व्यक्ति का जीवन में नहीं होना नहीं है, बल्कि यह भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव के हट जाने जैसा है।
उन्होंने भगवान श्रीराम के वनगमन के समय माता कौशल्या के आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण के मथुरा से गोकुल जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए मां के संस्कारों की महत्ता बताई।
योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि मां के संस्कारों से ही एक बालक ध्रुव, प्रह्लाद या महान व्यक्तित्व वाला मनुष्य बनता है। मां की ममता जीवन की सबसे सुंदर अनुभूति है।
निराश्रित माताओं का सहारा बनने की अपील
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती के माध्यम से प्रदेशवासियों से मातृशक्ति के सम्मान और जरूरतमंद महिलाओं की मदद करने की अपील की।
उन्होंने लिखा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन अपना कर्तव्य जरूर निभाया जा सकता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपने कर्तव्य को निभाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से संकल्प लेने की अपील की कि वे किसी निराश्रित मां का संबल बनें, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझें और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें।