यूपी पुलिस में 144 DSP-ACP के तबादले किए गए हैं। लखनऊ, नोएडा, आगरा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती हुई। जानें प्रमुख नाम।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रदेश में 144 पुलिस उपाधीक्षकों (Deputy Superintendent of Police) और सहायक पुलिस आयुक्तों (Assistant Commissioner of Police) के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव के तहत प्रदेश के कई जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी वाहिनियों और विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में लखनऊ, आगरा, गौतमबुद्धनगर (नोएडा), गाजियाबाद, कानपुर नगर, प्रयागराज और वाराणसी कमिश्नरेट समेत कई प्रमुख जिलों के अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल से पुलिस विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव हुआ है।
लखनऊ कमिश्नरेट में कई अधिकारियों की नई तैनाती
तबादला सूची के मुताबिक, मीरजापुर में तैनात सुजीत कुमार दुबे को लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। इसी तरह प्रयागराज कमिश्नरेट से विवेक यादव, फिरोजाबाद से अमरीश कुमार, बुलंदशहर से रामकरन, उन्नाव से अरविंद कुमार-I और बाराबंकी से समीर कुमार सिंह को लखनऊ कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात रजनीश वर्मा को बागपत भेजा गया है। ACP रंजीत कुमार को एसटीएफ (STF) मुख्यालय, लखनऊ में तैनाती दी गई है।
नोएडा, आगरा और गाजियाबाद में भी बदलाव
गौतमबुद्धनगर (नोएडा) कमिश्नरेट में हापुड़ से प्रवीण कुमार सिंह, गाजियाबाद से सिद्धार्थ गौतम, प्रतापगढ़ से शिव नारायन वैश्य और गोरखपुर से अनुराग कुमार सिंह को ACP बनाया गया है।
आगरा कमिश्नरेट में देवेश सिंह को मथुरा भेजा गया है, जबकि शकील अहमद और सुमन कनौजिया को आगरा में नई जिम्मेदारी मिली है। इमरान अहमद को आगरा से गाजियाबाद कमिश्नरेट भेजा गया है।
इन जिलों में भी बदले गए DSP
तबादला सूची में कई अन्य जिलों के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:
तबादला सूची के अनुसार, शोभित कुमार को कानपुर देहात, दिलीप कुमार सिंह को अयोध्या, शुभम तोड़ी को आजमगढ़, अतुल कुमार सिंह को महराजगंज, रवि कुमार गुप्ता को गोंडा और आशुतोष तिवारी को हरदोई में नई तैनाती दी गई है। वहीं, राजेश सिंह को बिजनौर, नीलेश मिश्रा को गोरखपुर, कुलदीप कुमार गुप्ता को मुरादाबाद, मधुप कुमार सिंह को बरेली, राधा रमण सिंह को खीरी और चमन सिंह चावड़ा को मथुरा भेजा गया है। इन अधिकारियों की नई तैनाती से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
दो अधिकारियों का तबादला निरस्त
तबादला सूची में धर्मेन्द्र सिंह यादव और सुनीता दहिया का स्थानांतरण निरस्त किए जाने का भी उल्लेख है। धर्मेन्द्र सिंह यादव 35वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ से पुलिस अकादमी, मुरादाबाद के लिए स्थानांतरणाधीन थे, जबकि सुनीता दहिया बरेली में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थीं।
