• Home  
  • राजा भैया यानी हिंदुत्व के नये पोस्टर ब्वॉय
- Politics - UttarPradesh

राजा भैया यानी हिंदुत्व के नये पोस्टर ब्वॉय

राजा भैया यानी हिंदुत्व के नये पोस्टर ब्वॉय अभयानंद शुक्लयूपी 24 नेटवर्क लखनऊ। कभी कुंडा का गुंडा कहे गए भदरी स्टेट के वारिस कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कमाल कर दिया है। अपने बेंती राजमहल में सफल रामकथा करा कर और वीआईपी लोगों की जुटान कराकर राजा भैया ने ये भी बता […]

राजा भैया यानी हिंदुत्व के नये पोस्टर ब्वॉय

राजा भैया यानी हिंदुत्व के नये पोस्टर ब्वॉय


  • धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा में दिग्गजों को बुला दिखाई ताकत
  • अखिलेश को सीधी चुनौती दे भाजपा का काम कर दिया आसान
  • ब्राह्मण का साथ देकर पंडित-ठाकुर एकता का मैसेज भी दे दिया

अभयानंद शुक्ल
यूपी 24 नेटवर्क


लखनऊ। कभी कुंडा का गुंडा कहे गए भदरी स्टेट के वारिस कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कमाल कर दिया है। अपने बेंती राजमहल में सफल रामकथा करा कर और वीआईपी लोगों की जुटान कराकर राजा भैया ने ये भी बता दिया है कि रजवाड़ों का रसूख अभी जिंदा है। साथ ही यह भी दिखा दिया कि अगर आपका कनेक्ट जनता के साथ है, तो वह आपका साथ भी देती है। शायद इसीलिए कुंडा में वे अपराजेय योद्धा बने हुए हैं। यूपी के प्रमुख विपक्षी दल सपा के मुखिया को सीधे चुनौती दे देना भी आसान काम नहीं है, पर राजा भैया ने वह भी कर दिखाया। ब्राह्मण-क्षत्रिय एकता का भी मुजाहिरा कर राजा भैया ने दबंगई से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का संबल भी बढ़ाया। शायद इसीलिए गोंडा के पूर्व सांसद और बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह को कहना पड़ा कि राजा भैया का दबदबा था, है और रहेगा।
बात शुरू होती है बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की एक कथा से। उस कथा में धीरेन्द्र शास्त्री ने जोश में आकर भावावेश में राम और कृष्ण की चर्चा करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा कह दिया। फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को उसमें अपने मतलब की राजनीति दिखाई दी तो उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने श्रीकृष्ण भगवान का अपमान किया है। उनका दावा था कि इससे यादवों का भी अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि वे यूपी में कहीं भी धीरेंद्र शास्त्री की कथा नहीं होने देंगे। उन्होंने अपने पार्टी जनों का आह्वान किया कि ऐसी कथाओं का विरोध किया जाए। हालांकि बाद में धीरेन्द्र शास्त्री ने स्पष्टीकरण देते हुए माफी भी मांगी लेकिन सपाइयों का उनके खिलाफ विष वमन जारी रहा। फिर इस कहानी में एंट्री हुई भदरी स्टेट के वारिस राजा भैया की। उन्होंने ऐलान कर दिया कि वे 17, 18, 19 नवंबर को अपने बेंती राजमहल में बागेश्वर बाबा की राम कथा आयोजित करेंगे। इसमें लाखों की संख्या में लोग पहुंचे भी और कथा का आनंद लिया।‌ पूर्वांचल से लेकर पूरे देश से लोग लगातार आते रहे। कुछ नेता/बाहुबली भी आए। यहां आने वालों में प्रमुख रूप से पतंजलि योग पीठ के बाबा रामदेव, तेलंगाना से विधायक टी राजा सिंह, भोजपुरी सुपर स्टार पवन सिंह, बालीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, वाराणसी के माफिया बृजेश सिंह, जौनपुर के धनंजय सिंह, अयोध्या से विधायक अभय सिंह, बांसी के जय प्रताप सिंह, झारखंड से सांसद निशिकांत दुबे समेत कई अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे। उनकी सुविधा के लिए हेलीपैड बनवाया गया था। लोगों के रहने और खाने का भारी इंतजाम था। कथा सुनने के लिए आस-पास के जिलों के लोग भी आए। यानी जुटान के लिहाज से भी आयोजन सफल रहा। इस बहाने राजा भैया ने दिखा दिया कि अब भी उनका रसूख कम नहीं हुआ है। यानी राज भले चला गया लेकिन राजसी अंदाज नहीं गया है।
कथा विरोधियों को मैसेज देने के लिए राजा भैया ने खुद प्रयागराज जाकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को हवाई अड्डे से रिसीव किया और सड़क मार्ग से कुंडा में कथा स्थल पर ले गए। राजा भैया ने बताया भी कि उन्होंने प्रयागराज से कुंडा का सड़क मार्ग ही क्यों चुना। राजा भैया ने कहा कि मैं तो रास्ते भर कथा विरोधियों को खोजता आया, लेकिन कोई दिखा नहीं। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि ऐसा भी कोई सोच सकता है कि हिंदुस्तान में राम कथा नहीं होने देगा, अरे भाई ये कोई पाकिस्तान या अन्य मुस्लिम देश थोड़े ही है। यानी राजा भैया ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देकर कथा सम्पन्न कराई। ये सफल आयोजन कर राजा भैया ने अपने कट्टर सनातनी होने के साथ अपनी दबंगई और दबदबे का प्रदर्शन भी कर दिया।
जहां तक ब्राह्मण-ठाकुर एकता का सवाल है, तो राजा भैया ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का समर्थन कर ये भी जता दिया कि यूपी में ये दोनों बड़ी जातियां अब समझदार हो गई हैं। और कोई उन्हें लड़ा नहीं सकता। अपने संबोधन में राजा भैया ने कहा भी कि बागेश्वर महराज लोगों की आंखों में खटकते भी इसीलिए हैं, क्योंकि ये हिन्दू एकता की बात करते हैं। और यह उनके यानी विपक्ष के नैरेटिव को सूट नहीं करता है। इस बहाने उनका सीधा निशाना सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर था। एक तरह से कुंडा में बाबा बागेश्वर की कथा करा कर राजा भैया ने अखिलेश यादव के विरोध की हवा निकाल दी, और उनको उनकी सही राजनीतिक हैसियत का भी एहसास करा दिया। अखिलेश यादव अब ये जरूर सोच रहे होंगे कि उन्होंने बाबा बागेश्वर की कथा का विरोध कर अधिकांश हिंदुओं को नाराज तो नहीं कर दिया? ऐसे में बागेश्वर बाबा के विरोध का उनका प्रयोग, बैक फायर भी कर सकता है। अभी अखिलेश यादव को अपने विरोध लाभ होता तो नहीं दिख रहा है, क्योंकि कथा में बैकवर्ड और दलित वर्ग के लोग काफी संख्या में पहुंचे थे।
इस आयोजन में वैसे तो भाजपा से जुड़े कई लोग मौजूद थे, पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम की ना मौजूदगी के कई मायने निकाले जा रहे हैं। वैसे कथा के सफल आयोजन में प्रतापगढ़ जिले का प्रशासन और पुलिस महकमा काफी सक्रिय रहा। अनुमान यही है कि ऐसा तभी हुआ होगा जब लखनऊ का इशारा हुआ होगा। क्योंकि जितनी मुस्तैदी दोनों विभागों ने दिखाई थी, वह तो बिना ऊपर के निर्देश के संभव नहीं है। फिर भी सीएम और दोनों डिप्टी सीएम की अनुपस्थिति लोगों को खल रही है। इसको लेकर कानाफूसी चल रही है कि गुजरात लाबी के निर्देश पर योगी आदित्यनाथ का विकल्प तैयार किया जा रहा है, ताकि वक्त जरूरत काम आए। वैसे भी इस सफल कथा के बाद राजा भैया हिंदुत्व के एक मजबूत पैरोकार बन कर उभरेंगे, जो योगी जी के कट्टर हिन्दू वाली छवि को डेंट दे सकता है। बताते हैं कि कुंडा के कथा स्थल पर नारा लगा कि हमारा सीएम कैसा हो, तो राजा भैया जैसा हो।‌ यानी कुछ खिचड़ी तो पक ही रही है। सूत्रों का कहना है कि ये योगी को दबाव में लेने की कोशिश है। खैर, कारण चाहे जो भी हो राजा भैया ने राम कथा के बहाने दबदबा तो दिखा ही दिया है। वैसे एक चर्चा यह भी है कि जब जब चुनाव के पहले किसी भी राज्य में बागेश्वर बाबा की कथा हुई है तो उस राज्य में भाजपा की सरकार बनी है। यानी यहां भी कुछ वैसा ही होने वाला है।
इसके अलावा राजा भैया ने पाकिस्तान से लगभग 500 हिंदू शरणार्थियों को भी राम कथा में बुला कर एक अलग ही तरह का हिंदुत्व का नैरेटिव गढ़ दिया। उनके इस कदम ने भी उन्हें खूब प्रतिष्ठा दिलाई। राजा भैया ने उनके रहने-खाने का अच्छा इंतजाम किया था। बताते हैं कि उन्हें विदा करते समय दोनों ही पक्षों की आंखों में आंसू छलक आए थे। कुल मिलाकर चाहें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हों या फिर कुंडा के राजा भैया, दोनों ही के लिए यह राम कथा आयोजन ऐतिहासिक रहा। इसने दोनों को प्रतिष्ठा शिखर पर पहुंचा दिया है। इससे जहां राजा भैया का राजनीतिक कद और दबदबा बढ़ा है, वहीं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को प्रसिद्धि के साथ यूपी में और मजबूती से पांव जमाने का मौका मिला है। हिंदुत्व का ग्राफ ऊंचा हुआ, सो अलग।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

We are a trusted news portal delivering the latest updates, breaking news, and in-depth stories from around the world. Our goal is to keep you informed, every time.

 

Address : 18/587, behind : Hanuman Mandir, opposite :Lucknow, Uttar Pradesh, India , 226016

Email Us: up24networkk@gmail.com

Contact: +91 95111 50055

Quick Link

Top Categories

UP24Network. All Rights Reserved.