कुशीनगर में प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा युवक, मौके पर जुटी भीड़
कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार पटेरा गांव में शनिवार को एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक एक युवती से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़ा युवक पिपरा बाजार पटेरा गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी संबंधित युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद अब वह युवती से शादी करने की मांग कर रहा है। इसी मांग को लेकर शनिवार को उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
टावर पर युवक को देखकर जुटे ग्रामीण
युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ऊंचाई पर युवक के मौजूद होने से मौके पर लोगों में चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी युवक से बातचीत कर उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। थानाध्यक्ष संजय दुबे ने बताया कि एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा हुआ है। उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक युवक मोबाइल टावर से नीचे नहीं उतरा था। पुलिस की प्राथमिकता उसे सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और युवक की मांग के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
