बांदा में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, डीजे पलटने से महिला की मौत
बांदा। तिंदवारी थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बारात निकासी के समय डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर पलट गया। हादसे में डीजे के पास खड़ी एक महिला उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के मुताबिक, सेमरी गांव से बारात बांदा के लिए निकल रही थी। इसी दौरान बारात में शामिल डीजे वाहन को पीछे किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि बैक करते समय डीजे अनियंत्रित होकर पलट गया। वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दूल्हे की रिश्ते की मौसी डीजे के नीचे दब गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य लोग भी घायल हो गए।
घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। महिला के निधन की खबर से शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई।
रिश्तेदार ने बताई हादसे की पूरी घटना
दूल्हे के रिश्तेदार राजेश कुमार ने बताया कि बारात की निकासी हो रही थी। इसी दौरान डीजे वाहन को पीछे किया जा रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी चपेट में आने से दूल्हे की रिश्ते की मौसी दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक महिला की मौत, तीन घायलों का उपचार जारी
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. अभिषेक ने बताया कि हादसे में घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें एक महिला की मौत हो चुकी थी। महिला के शव को मर्चरी में रखवा दिया गया है, जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह की ओर से भी घटना के संबंध में जानकारी दी गई। शुरुआती तौर पर डीजे चालक की लापरवाही के कारण हादसा होने की बात कही जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शादी समारोह में बारात निकासी के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। जिस घर में विवाह की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां एक महिला की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।
