महराजगंज के सोनौली बॉर्डर पर फर्जी आधार और वोटर ID के सहारे भारत में रहने के आरोप में इंडोनेशियाई महिला गिरफ्तार। करीब 20 साल से भारत में रहने का दावा, पुलिस एनजीओ और फर्जी दस्तावेज नेटवर्क की जांच में जुटी।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक इंडोनेशियाई महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के सहारे करीब दो दशक से भारत में रह रही थी। सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में जांच के दौरान उसकी असली पहचान सामने आई।
एएसपी सिद्धार्थ के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला नेपाल के लुंबिनी जाने के लिए सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंची थी। इस दौरान उसने अधिकारियों को अपना भारतीय वोटर आईडी कार्ड दिखाया। कार्ड पर दर्ज नाम और महिला के बोलने के तरीके को देखकर अधिकारियों को संदेह हुआ।
भारतीय पहचान पत्र पर अलग नाम, पासपोर्ट से खुला राज
जांच के दौरान महिला की भारतीय वोटर आईडी पर नाम ली किम लियन दर्ज मिला, जबकि उसके इंडोनेशियाई पासपोर्ट में नाम रोहाना लिखा हुआ था। दोनों दस्तावेजों में जन्मतिथि भी अलग-अलग पाई गई।
भारतीय वोटर आईडी में उसकी जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी, जबकि इंडोनेशियाई पासपोर्ट के अनुसार उसकी जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 है। पूछताछ के बाद महिला ने अपना असली इंडोनेशियाई पासपोर्ट अधिकारियों को दिखाया।
जांच में उसके पास आधार कार्ड और पैन कार्ड सहित अन्य भारतीय दस्तावेज होने की बात भी सामने आई। इसके अलावा उसके पास चीन और जापान के वैध वीजा भी मिले।
2005 से भारत में रहने का दावा
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि महिला वर्ष 2005 से भारत में रह रही थी। आरोप है कि उसने फर्जी पहचान के आधार पर कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, महिला कोलकाता में एक एनजीओ के माध्यम से बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन कर रही थी और वहां अध्यक्ष पद पर भी कार्यरत थी।
एनजीओ और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क की जांच
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला के अनुसार, 11 नवंबर की रात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और विदेशी नागरिकों से संबंधित कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज किसकी मदद से बनवाए और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही उसके एनजीओ और विदेशी संपर्कों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
भारत-नेपाल सीमा पर सामने आए इस मामले के बाद सुरक्षा एजेंसियां फर्जी पहचान पत्रों और विदेशी नागरिकों से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
