- एआईएमआईएम चीफ ओवैसी का बड़ा एलान
- प्रदेश की सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
- भाजपा ने कहा, ये सीजनल गठबंधन है
यूपी 24 नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वृहस्पतिवार को एक नये और तीसरे राजनीतिक मोर्चे का उदय हुआ, और नाम रखा गया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा। ये मोर्चा एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की अगुवाई में बना है। इस मौके पर असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान किया कि चंद्रशेखर आजाद हमारे मोर्चे के सीएम फेस होंगे। ये भी कहा गया कि हमारा दिल बहुत बड़ा है इसलिए मोर्चे में शामिल होने के लिए कांग्रेस और बसपा का भी स्वागत है। अगर आप मिलकर बीजेपी को हराना चाहते हैं तो आप हमारे साथ आ सकते हैं। अब इस नए मोर्चे के उदय के साथ ही उत्तर प्रदेश में मतों का समीकरण गड़बड़ा गया है। ऐसे में ये गठबंधन दलित-मुस्लिम मतों का विभाजन कर सकता है, और दलितों और मुसलमानों को कंफ्यूजन में डाल सकता है।
राजधानी के एक होटल में इस गठबंधन की घोषणा करते हुए एआइएमआइएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम तो चाहते थे कि सब लोग मिलकर बीजेपी के खिलाफ एक हों और उसे यूपी में खत्म करें लेकिन कुछ लोगों को हमारी बात पसंद नहीं आई। इसलिए हमने एक अलग मोर्चा बनाया है जिसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। ये मुसलमानों और दलितों की आवाज बन कर उभरेगा। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मोर्चे के सीएम फेस होंगे। ओवैसी
ने दावा किया कि ये मजबूरी का नहीं मजबूती का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि कांच के महलों में रहने वालों को पिछड़ों का दुख नहीं दिखता है। इस कारण हमारी बेबाकी खत्म नहीं होगी, और हम जिम्मेदारी के साथ अपने समाज के लिए अपने जिस्म का खून बहाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सुन लीजिए, हम दोनों भाई अपनों की लड़ाई लड़ेंगे और जीतेंगे भी। ओवैसी ने कहा कि हमारे लिए सीटों का बंटवारा महत्वपूर्ण नहीं है। बस हमारा लक्ष्य साथ आकर भाजपा को हराना है।
इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सपा नेता ने तो बोला था कि कांग्रेस चालू पार्टी है, इसको वोट मत देना। लेकिन आज उसी के साथ गठबंधन में बैठे हुए हैं।आजाद ने सवाल किया कि अगर नैथानी परिवार अंबानी परिवार का खास है तो उसके परिवार के सदस्य परिमल नैथानी को राज्यसभा हमने तो नहीं भेजा है। उन्होंने कहा कि जिनके घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंकते, कोई पत्थर उल्टा भी लग सकता है।
इस नए गठबंधन पर प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का अधिकार है, सबको अपने विषय और अपनी विचारधारा के आधार पर लोगों के बीच जाने का अधिकार है। लेकिन मैं सिर्फ ये कहता हूं कि ये लोग सीजनल लोग हैं। जब चुनाव आता है, तो इनकी उपस्थिति दिखाई देती है। ये इससे ज्यादा और कुछ नहीं है।