लखनऊ में पराग दूध की कीमतों में बढ़ोतरी। 12 नवंबर 2026 की शाम से पराग गोल्ड 76 रुपये और टोन्ड दूध 61 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गोल्ड 4 रुपये और टोन्ड दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में महंगाई का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। लखनऊ दुग्ध संघ ने पराग दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के तहत पराग गोल्ड दूध 4 रुपये और टोन्ड दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। संशोधित कीमतें 12 नवंबर 2026 की शाम की आपूर्ति से लागू होंगी।
नई दरों के मुताबिक, पराग एफसीएम गोल्ड का एक लीटर पैकेट अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 मिलीलीटर का पैकेट 36 रुपये से बढ़कर 38 रुपये का हो गया है। इसी तरह पराग टोन्ड मिल्क का एक लीटर पैकेट 59 रुपये के बजाय 61 रुपये और 500 मिलीलीटर का पैकेट 30 रुपये के बजाय 31 रुपये में मिलेगा।
लखनऊ दुग्ध संघ के महाप्रबंधक की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कच्चे दूध के संग्रहण, प्रोसेसिंग और परिवहन (Transportation) की लागत में लगातार वृद्धि होने के कारण कीमतों में संशोधन का फैसला लिया गया है।
संघ के मुताबिक, 12 नवंबर की सुबह तक उपभोक्ताओं को दूध पुरानी कीमतों पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। जबकि शाम की आपूर्ति से नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।
दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी से मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होगा। पहले से ही सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के बीच दूध महंगा होने से घरेलू खर्च में और इजाफा होने की संभावना है।