सोनभद्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बेहद शातिर तरीके का खुलासा किया है। तस्करों ने अपनी सियाज कार के निचले हिस्से में बाकायदा गुप्त तहखाना बना रखा था, ताकि पुलिस की नजरों से बचाकर गांजे की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई जा सके। लेकिन संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर इस कार पर पड़ गई और तलाशी में तस्करी का पूरा खेल उजागर हो गया। कार के नीचे बने गुप्त चैंबर से तीन प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखे गए 43 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 60 किलो 500 ग्राम है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लेकर सोनभद्र के रास्ते शाहजहांपुर जा रहे थे। ऑपरेशन शुद्धि के तहत एसओजी और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शाहजहांपुर के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल सियाज कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
दरअसल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चार नवंबर की रात रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम लोढ़ी स्थित टीवीएस गोदाम के पास एक सियाज कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। शुरुआत में कार सामान्य दिखाई दे रही थी, लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से जांच की तो उसके निचले हिस्से में विशेष रूप से तैयार किया गया गुप्त चैंबर सामने आया। इस तहखाने में गांजे की खेप छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने चैंबर से तीन प्लास्टिक के बोरों में रखे 43 पैकेट बरामद किए। तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 60 किलो 500 ग्राम निकला। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कार को ही गांजे की तस्करी का चलता-फिरता ठिकाना बना रखा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लैसना निवासी सत्ययम यादव पुत्र राजेश्वर यादव, उम्र करीब 21 वर्ष और अल्लागंज थाना क्षेत्र के ब्रह्मनान निवासी सीबू अली पुत्र सब्बन अली, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में ओडिशा से गांजे की खेप लाकर शाहजहांपुर पहुंचाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 892/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60/61 में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल सियाज कार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत जब्त किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।वहीं, पूरे मामले की जानकारी देते हुए एएसपी मुख्यालय मेविश टॉक ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लेकर सोनभद्र के रास्ते शाहजहांपुर जा रहे थे। तस्करी के लिए सियाज कार के निचले हिस्से में विशेष रूप से गुप्त तहखाना तैयार कराया गया था, जिसमें गांजा छिपाकर रखा गया था। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने इस कार को पकड़ा और तलाशी में 60 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की। एएसपी ने बताया कि एसओजी और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। बरामद गांजे की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा हुआ है।
