रियलिटी टीवी शोज की बात हो और खतरों के खिलाड़ी का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है। स्टंट्स, डर और सेलेब्स की हिम्मत परखने वाला यह शो टीवी इतिहास के सबसे सफल रियलिटी शोज में गिना जाता है।अब लंबे इंतजार के बाद ‘खतरों के खिलाड़ी’ एक बार फिर टीवी पर लौटने जा रहा है, जिससे फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है।
14 सीजन पूरे, अब 15वें सीजन की तैयारी
अब तक ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 14 सीजन आ चुके हैं। शो का पिछला सीजन 2024 में प्रसारित हुआ था। इससे पहले यह शो लगभग हर साल टीवी पर आता रहा, लेकिन पिछले साल अचानक ब्रेक लिया गया।कयास लगाए जा रहे थे कि शायद शो अब वापस नहीं आएगा, लेकिन मेकर्स ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए नए सीजन का ऐलान कर दिया है। करीब दो साल बाद ‘खतरों के खिलाड़ी’ का कमबैक होने जा रहा है।
AI से बना प्रोमो बना चर्चा का विषय
शो के नए सीजन का पहला प्रोमो सामने आ चुका है और इसमें एक बड़ा टेक्नोलॉजी ट्विस्ट देखने को मिला है। मेकर्स ने इस बार AI से बना प्रोमो रिलीज किया है, जो काफी थ्रिलिंग नजर आ रहा है।
AI प्रोमो में एक लड़की को ट्रक के आगे बंधा दिखाया गया है, जिसके बाद ट्रक खाई में छलांग लगा देता है। हालांकि प्रोमो में अभी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
रोहित शेट्टी फिर संभालेंगे होस्ट की कमान
फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि शो को एक बार फिर रोहित शेट्टी होस्ट करते नजर आएंगे।रोहित शेट्टी ‘खतरों के खिलाड़ी’ के सबसे लोकप्रिय होस्ट रहे हैं। उन्होंने अब तक 14 में से करीब 9 सीजन होस्ट किए हैं और यह उनका 10वां सीजन होगा।
हालांकि इस शो को पहले अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा और अर्जुन कपूर भी होस्ट कर चुके हैं, लेकिन दर्शकों का दिल सबसे ज्यादा रोहित शेट्टी ने ही जीता।
कंटेस्टेंट्स को लेकर बना सस्पेंस
नए प्रोमो के बाद फैंस अब इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि 15वें सीजन में कौन-कौन से सेलेब्स नजर आएंगे। सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि ‘बिग बॉस 19’ से जुड़े कुछ चेहरे इस बार शो का हिस्सा बन सकते हैं।हालांकि मेकर्स ने अभी तक कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है।
रोहित शेट्टी के लिए मुश्किल भरा रहा वक्त
गौरतलब है कि हाल के दिनों में रोहित शेट्टी के लिए वक्त आसान नहीं रहा। उनके जुहू स्थित घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया था। ऐसे में शो की वापसी उनके लिए भी एक पॉजिटिव मोमेंट मानी जा रही है।








