उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कुछ पलों के लिए लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में लोग एहतियातन घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
सुबह 7:32 बजे महसूस हुआ कंपन
सुबह की सामान्य दिनचर्या के बीच करीब 7:32 बजे लखनऊ के कई हिस्सों में हल्का कंपन महसूस किया गया। झटके कुछ सेकंड तक ही रहे और इनकी तीव्रता कम थी, लेकिन ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने इन्हें ज़्यादा स्पष्ट रूप से महसूस किया।
गोंडा जिले में था भूकंप का केंद्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र गोंडा जिले में स्थित था। वहीं से उठीं भूगर्भीय तरंगों का असर आसपास के जिलों के साथ-साथ लखनऊ तक पहुंचा। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई है। यह आंकड़े भूगर्भ विज्ञान विभाग की ओर से जारी किए गए हैं।
कोई जान-माल का नुकसान नहीं
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान या किसी इमारत के क्षतिग्रस्त होने की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।







