बागपत में भाजपा जिला कार्यालय के मंच से डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर ऐसा तीखा हमला बोला कि उनका बयान पलभर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा को सीधे तौर पर “दो टके की पार्टी” करार दिया और उस पर कई गंभीर आरोप लगाए।
‘मुस्लिम समाज साथ छोड़ दे तो सपा कुछ नहीं’
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी जाति और डर की राजनीति करती है। उन्होंने कहा, “अगर मुस्लिम समाज समाजवादी पार्टी छोड़ दे, तो ये दो टके की पार्टी रह जाएगी, जो एक प्रधान तक नहीं बना पाएगी। सपा मुसलमानों को डराकर वोट लेती है।”इस बयान के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई, जबकि मंच पर मौजूद समर्थकों में खासा जोश देखने को मिला।
सपा शासन पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
ब्रजेश पाठक ने सपा सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि“झंडा लगाकर खाली प्लॉट पर कब्जा किया जाता था और कहा जाता था— समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है।”डिप्टी सीएम ने इसे अराजकता और दबंगई की राजनीति करार दिया।
‘आज बंदूक दिखे तो लाइसेंस सस्पेंड’
उन्होंने कहा कि सपा शासन में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन होता था। “एक-एक गाड़ी में 10-10 बंदूकें भरकर लोग घूमते थे। आज हालात ये हैं कि सड़क पर बंदूक दिख जाए तो लाइसेंस सस्पेंड हो जाता है।”उन्होंने इसे मौजूदा सरकार की सख्ती और कानून के राज का उदाहरण बताया।








