UP Lekhpal Bharti में आरक्षण पर बड़ा अपडेट, CM योगी के निर्देश के बाद राजस्व परिषद सक्रिय
योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद लेखपाल भर्ती अधियाचन प्रक्रिया को लेकर राजस्व परिषद हरकत में आ गई है। राजस्व परिषद के आयुक्त ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को पत्र लिखकर एक सप्ताह के भीतर लेखपाल पदों के अधियाचन से संबंधित संशोधित पद विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
7994 रिक्त पदों की दोबारा जांच के आदेश
अधियाचन प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने राजस्व परिषद के चेयरमैन को कड़ी चेतावनी दी थी। इसके साथ ही प्रदेश में 7994 रिक्त लेखपाल पदों की संख्या की दोबारा जांच कर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल आरक्षण लागू करने के स्पष्ट आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिए हैं कि लेखपाल भर्ती में वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल आरक्षण को पूरी तरह लागू किया जाए।
वर्टिकल आरक्षण के तहत—
27% अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)
21% अनुसूचित जाति (SC)
2% अनुसूचित जनजाति (ST)
का आरक्षण अक्षरशः लागू करने को कहा गया है।
भर्ती नोटिफिकेशन पर अभ्यर्थियों का विरोध
दरअसल, जारी भर्ती नोटिफिकेशन में वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल आरक्षण का स्पष्ट उल्लेख नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था। इस मुद्दे को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उठाया था और कहा था कि OBC, SC और ST वर्ग के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए।
सरकारी नौकरियों में आरक्षण पर जीरो टॉलरेंस
शुक्रवार देर रात हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संविधान और आरक्षण रोस्टर के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी नौकरियों में संवैधानिक प्रावधानों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।








