उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को आज नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। UP BJP President पद के लिए आज नामांकन प्रक्रिया होनी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का नाम लगभग तय माना जा रहा है। यदि उनके अलावा किसी अन्य नेता का नामांकन नहीं होता है, तो आज ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर औपचारिक सहमति बन सकती है।
दोपहर तक हो सकता है अनौपचारिक ऐलान
पार्टी सूत्रों का कहना है कि पंकज चौधरी के अलावा किसी और उम्मीदवार के नामांकन की संभावना बेहद कम है। ऐसे में दोपहर 2 बजे तक उनके नाम का अनौपचारिक ऐलान किया जा सकता है।
सीएम योगी होंगे प्रस्तावक
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पंकज चौधरी के नामांकन के प्रस्तावक होंगे। यदि अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक ही नामांकन दाखिल होता है और चुनाव की स्थिति नहीं बनती है, तो आज ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा।
ओबीसी चेहरे पर बीजेपी का फोकस
बीजेपी ने इस बार उत्तर प्रदेश में ओबीसी चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। इसे पार्टी की 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पंकज चौधरी ओबीसी वर्ग की कुर्मी बिरादरी से आते हैं और वे सात बार सांसद रह चुके हैं।
पूर्वांचल फैक्टर भी अहम
सूत्रों के मुताबिक, अगर पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है, तो मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों पूर्वांचल से होंगे। एक ओर बीजेपी ओबीसी और कुर्मी वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक ही क्षेत्र से शीर्ष नेतृत्व होने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हैं।
2024 की नाराजगी दूर करने की कोशिश
बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव में ओबीसी, खासकर कुर्मी समाज की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। पंकज चौधरी के नाम के जरिए पार्टी इस वर्ग को फिर से अपने पक्ष में लाने की रणनीति पर काम कर रही है।
रविवार को होगी औपचारिक घोषणा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा रविवार दोपहर 12 बजे लखनऊ में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में की जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नाम का भी ऐलान होगा। इसके लिए ज्यादातर सांसदों को लखनऊ बुलाया गया है।








