Lucknow में बनेगा 2.3KM लंबा 4 लेन फ्लाईओवर, 10 लाख लोगों को मिलेगी ट्रैफिक जाम से राहत
राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए एक और बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है। ला-मार्टीनियर कॉलेज से जी-20 रोड तक 2.3 किलोमीटर लंबा चार लेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यह फ्लाईओवर 315 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगा और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) इसका निर्माण कार्य अगले महीने शुरू कराने की तैयारी में है। परियोजना को 18 से 20 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 10 लाख लोगों को होगा फायदा
फ्लाईओवर बनने के बाद 1090 चौराहा, कालीदास मार्ग, और विक्रमादित्य मार्ग की ओर से शहीद पथ, इकाना स्टेडियम, पुलिस मुख्यालय, एयरपोर्ट और अयोध्या रोड तक सीधे पहुंचना आसान हो जाएगा।प्रतिदिन 50 से 60 हजार वाहन इस फ्लाईओवर से गुजरेंगे, जिससे आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव 30% तक घटेगा। अनुमान है कि करीब 10 लाख आबादी को रोजाना जाम से राहत मिलेगी।
गोमती नगर से सुल्तानपुर रोड तक आसान सफर
वर्तमान में गोमती नगर, बिजनौर, आशियाना, मोहनलालगंज और सुल्तानपुर रोड से मुख्य शहर तक पहुंचने में लंबा समय लगता है। जाम के कारण कई बार 1 से 1.5 घंटे की देरी होती है। फ्लाईओवर बनने के बाद यही सफर सिर्फ 20–25 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगा विकास और प्रॉपर्टी वैल्यू
यह फ्लाईओवर LDA की सुल्तानपुर रोड योजना और आवास विकास परिषद की कॉलोनियों को सीधे गोमती नगर विस्तार और शहीद पथ से जोड़ेगा। इससे रियल एस्टेट मूल्य बढ़ने की संभावना है। साथ ही, क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां, शिक्षा, और नौकरीपेशा वर्ग के लिए आवागमन आसान होगा।
आपातकालीन सेवाएं जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी इस नई सड़क संरचना से तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी।








