समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि वह यहां आशीर्वाद लेने आए थे, क्योंकि असली संतों से मिलने से नकली संतों का अंत होने जा रहा है।यह मुलाकात लखनऊ में शंकराचार्य के प्रवास के दौरान हुई, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
डेयरी और गायों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हर अच्छी पहल का विरोध करते हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के दौरान गरीबों को लाभ और गायों की देखभाल के लिए डेयरी परियोजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार ने प्रदेश में पहला काऊ मिल्क प्लांट स्थापित किया था, जिसे बाद में भाजपा सरकार ने बंद करवा दिया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी गायों के संरक्षण और किसानों की भलाई के लिए काम कर रही थी और आगे भी इस दिशा में फैसले लिए जाएंगे।
डिप्टी सीएम को लेकर भी कसा तंज
प्रदेश के डिप्टी सीएम से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की बैठक से दोनों डिप्टी सीएम को डांटकर बाहर निकाल दिया गया।उन्होंने कहा कि बैठक में चुनाव टिकटों को लेकर चर्चा होनी थी, लेकिन जिन सीटों से ये नेता चुनाव लड़ते हैं वहां जीत भी मुश्किल हो जाती है।








