Sultanpur Encounter: दो भाइयों को गोली मारने वाला हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर पुलिस मुठभेड़ में घायल
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के जनऊपुर गांव में 5 मार्च को पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों ने एक होमगार्ड के परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें मोहित सोनकर की मौत हो गई, जबकि उसका भाई मंगल सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक सोनकर को पुलिस ने गुरुवार देर रात धोपाप इलाके के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुबह विवाद, शाम को खूनी हमला
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत गुरुवार सुबह हुई थी। होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर के बेटे मोहित का गांव के ही रमेश सोनकर के बेटे से कहासुनी हो गई थी। उस समय गांव वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
लेकिन शाम होते-होते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि रमेश सोनकर अपने बेटों और परिजनों के साथ असलहों से लैस होकर वीरेंद्र के घर पहुंच गया। माहौल बिगड़ता देख मां शारदा ने अपने बेटों को बचाने के लिए कमरे में बंद कर दिया।
इसी दौरान हमलावरों ने बहू के साथ मारपीट शुरू कर दी। बहू को बचाने के लिए जैसे ही दोनों बेटे कमरे से बाहर निकले, आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक सोनकर थाना लम्भुआ का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल पिस्टल खेत में छिपा दी है। जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने ले गई, तो उसने झोपड़ी के पीछे से पिस्टल निकालकर पुलिस पर ही गोली चला दी।इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
दबंगई के आरोप
मृतक के पिता वीरेंद्र प्रताप सोनकर और मां शारदा देवी ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष का भोलू नामक युवक दबंगई के दम पर लोगों को डराता है।
हमले में न सिर्फ दोनों बेटों को गोली लगी, बल्कि वीरेंद्र प्रताप, शारदा देवी और परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।








