Lucknow Weather Alert: शीतलहर, AQI रेड; घना कोहराLucknow Weather Alert: शीतलहर, AQI रेड; घना कोहरा

लखनऊ में जबरदस्त शीतलहर  का असर लगातार बना हुआ है। आज सुबह से ही शहर में घना कोहरा छाया रहा, जबकि हल्की लेकिन सर्द हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया। कड़ाके की ठंड के बावजूद बच्चे स्कूल के लिए घरों से निकले, वैन, साइकिल और पैदल स्कूल जाते नजर आए।

शहर के कई इलाकों में AQI लगातार दूसरे दिन 300 के पार पहुंचकर रेड ज़ोन में दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है।

कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते सुबह से ही विजिबिलिटी बेहद कम बनी हुई है। सुबह के समय अलीगंज में AQI 360 और गोमती नगर में 323 दर्ज किया गया, जो रेड ज़ोन की श्रेणी में रहा। वहीं तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र (288) और लालबाग (285) में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। अंबेडकर यूनिवर्सिटी (137) और कुकरैल (131) में AQI मॉडरेट स्तर पर रहा।

घने कोहरे के बावजूद सड़कों पर आवाजाही जारी है। वाहन चालक हेडलाइट ऑन कर सावधानी के साथ गाड़ियां चला रहे हैं। लखनऊ में आज स्कूल खुले हुए हैं और बच्चे तय समय पर स्कूल पहुंचते दिखाई दिए।

सुबह 8:25 बजे की स्थिति में जानकीपुरम विस्तार इलाके में विजिबिलिटी लगभग न के बराबर रही। तड़के गोमती नगर विस्तार, अयोध्या रोड और चिनहट इलाके में कोहरा और ज्यादा घना नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार, आज का कोहरा कल की तुलना में अधिक घना रहा।

अन्य खबर पढ़े।


WhatsApp

Facebook

X

Threads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *