Gonda News: बृजभूषण की ‘राष्ट्र कथा’ में जुटे पूर्वांचल के बाहुबली, सियासी संकेतों से गर्माई राजनीति
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा आयोजित आठ दिवसीय ‘राष्ट्र कथा’ इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यह धार्मिक आयोजन 1 जनवरी 2026 को सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज के सानिध्य में शुरू हुआ, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।हालांकि, बीते दिनों इस कार्यक्रम में पूर्वांचल के कद्दावर और बाहुबली नेताओं की मौजूदगी ने इसे धार्मिक से ज्यादा राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है।
नंदिनी निकेतन में दिखी शक्ति का प्रदर्शन
गोंडा के नवाबगंज स्थित नंदिनी निकेतन में चल रही राष्ट्र कथा के दौरान एक दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला, जब पूर्वांचल के कई प्रभावशाली नेता व्यासपीठ पर नतमस्तक नजर आए।इस आयोजन के सूत्रधार स्वयं बृजभूषण शरण सिंह रहे, जिन्होंने अध्यात्म के मंच के जरिए पूर्वांचल की राजनीतिक ताकत को एक जगह ला खड़ा किया।
धनंजय, सुशील और बृजेश सिंह एक मंच पर
इस आयोजन में शामिल प्रमुख नामों में
जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह,
चंदौली की सैयदराजा सीट से विधायक सुशील सिंह,
पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह
जैसे बड़े चेहरे शामिल रहे। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई वर्षों बाद पूर्वांचल के ये प्रभावशाली नेता एक साथ नजर आए।
व्यासपीठ पर झुके नेता, सियासी संदेश साफ
वायरल वीडियो में जौनपुर के बाहुबली नेता धनंजय सिंह व्यासपीठ का आशीर्वाद लेते दिखे, वहीं कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह उनके पैर छूते हुए नजर आए।कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह के दोनों बेटों ने भी मंच पर बृजेश सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।मीडिया से बातचीत में बृजेश सिंह ने बताया कि बृजभूषण शरण सिंह से उनके संबंध 1988 से हैं, जो इस मुलाकात को और भी राजनीतिक मायने देता है।








