लखनऊ में कुल देवी मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित कर दी गई और आग लगा दी गई। घटना के दौरान चांदी की छोटी मूर्तियां भी चोरी हो गईं। यह वारदात मदेयगंज थाना क्षेत्र में बंधे के किनारे स्थित मंदिर में 31 अगस्त से 1 सितंबर की रात के बीच हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूजा के दौरान जलाए गए दीपक और अगरबत्तियों से भी आग लगने की संभावना है। हालांकि, पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि स्पष्ट कारण सामने आ सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
मंदिर के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि वे रोजाना पूजा करने आते हैं और इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों ने बताया कि चांदी की छोटी मूर्तियों की चोरी और मूर्तियों को तोड़कर आग लगाना कुल देवी मंदिर चोरी का गंभीर मामला है।सब इंस्पेक्टर अमरनाथ सिपाही ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पूजा के दौरान जल गई चुनरी
एडीसीपी सेंट्रल ममता रानी चौधरी ने बताया कि माता दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ी चुनरी पूजा के दौरान जल गई थी। स्थानीय लोग रोज सुबह-शाम दीया जलाकर पूजा करते हैं। रविवार को भी दीपक जलाए गए थे। सोमवार सुबह लोग जब पूजा करने आए, तो देखा कि चुनरी जल गई और मूर्तियां खंडित हुई हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पूरे मामले में अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।








