पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये यानी करीब 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये के पैकेज का ऐलान किया। बालेन शाह ने भारत से रिश्तों को हिमालय की तरह मजबूत बताया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और हमारे राम भी अधूरे हैं। सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (Balendra Shah) के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 15 हजार करोड़ रुपये है।
साझा आस्था और संस्कृति से जुड़े हैं दोनों देश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव से बने हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।
उन्होंने वर्ष 2018 में नेपाल के जनकपुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद करोड़ों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। अयोध्या से जनकपुर तक शुरू की गई नई रेल सेवा दोनों देशों के इस पवित्र संबंध को नया आयाम देगी।
नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का पैकेज
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में अगस्त महीने में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़ा है।
उन्होंने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को गति देने के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 15 हजार करोड़ रुपये है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत का संकल्प प्रभावित परिवारों का जीवन फिर से पटरी पर लाने, नए अवसर पैदा करने और भविष्य में आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता मजबूत करने का है।
बालेन शाह बोले- हिमालय की तरह मजबूत हैं रिश्ते
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत में मिले आत्मीय स्वागत के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत की जनता का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना रिश्तों की आधारशिला हैं।
बालेन शाह ने कहा कि संकट के समय भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने भारत के सहयोग की सराहना करते हुए दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय निवेशकों को नेपाल में निवेश के लिए आमंत्रित भी किया।
अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा देने के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक दोनों देशों के श्रद्धालुओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच रेल, सड़क और सीमा संपर्क को और बेहतर बनाया जाएगा। इससे व्यापार, पर्यटन और लोगों की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा।
दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी सहमति बनी है।