प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर। वह 21 नवंबर को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 21 नवंबर को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह में 52 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शाम 5:30 बजे होगा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम करीब 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। यहां आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह (National Skills Convocation 2026) में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे।
यह पहला मौका है जब राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन दिल्ली से बाहर किया जा रहा है। इससे पहले इसके चारों संस्करण दिल्ली में आयोजित हुए थे। इस बार लखनऊ को इसकी मेजबानी मिली है।
52 राष्ट्रीय टॉपर्स को मिलेगा सम्मान
समारोह में देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (ITOT) के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इन प्रशिक्षार्थियों ने विभिन्न कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
सम्मानित होने वाले मेधावियों में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से करीब 1,000 से 1,200 प्रशिक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
4,400 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए लखनऊ में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 4,400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), पीएसी और रैपिड रिएक्शन फोर्स की टीमें भी तैनात रहेंगी। एंटी-ड्रोन सिस्टम, नाइट विजन टीम और एंटी-सबोटाज टीम के जरिए निगरानी की जाएगी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम
प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन की भी तैयारी की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अलग से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
लखनऊ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जारी यातायात परामर्श का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।