- बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध के बाद जैसे सनातन की धारा चल पड़ी
- कुंडा के कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ने बाबा बागेश्वर की कथा कराकर सनातन की अलख जगा दी
- भाजपा ने भी कृष्ण जन्म स्थान में अपनी दो दिवसीय बैठक कर 2027 का चुनावी एजेंडा सेट कर दिया
अभयानंद शुक्ल
यूपी 24 नेटवर्क
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि भगवान श्रीकृष्ण के कथित अपमान के मुद्दे पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध कर वे अपने खिलाफ एक नए आंदोलन को जन्म दे देंगे। और इस समय यूपी में कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है। अखिलेश यादव के विरोध के बाद कुंडा के कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ने अपने बेंती राजमहल में बागेश्वर बाबा की तीन दिवसीय कथा आयोजित कर इस बात का साफ संकेत दे दिया है कि बाबा बागेश्वर सनातन के गौरव हैं, और उनके खिलाफ कोई बात बर्दाश्त नहीं होगी। बात यहीं खत्म हो जाती तो फिर भी ठीक था। परंतु राम कथा के नाम पर जो जुटान हुई वह सनातन की एकता का बहुत बड़ा संकेत है। इसी बीच भाजपा ने भी कृष्ण जन्म स्थान मथुरा में अपनी दो दिनी बैठक करके संकेत दे दिया है 2027 के लिए उसका अगला चुनावी एजेंडा कृष्ण जन्म स्थान की मुक्ति ही होगा। मतलब इधर भी अखिलेश यादव को परेशानी बढ़ेगी, और वे मुस्लिम तुष्टिकरण के चलते कोई स्पष्ट स्टैंड शायद न ले पाएं। यानी भाजपा अयोध्या का चुनावी लाभ उठा कर कृष्ण जन्म स्थान की ओर बढ़ रही है और सपा प्रमुख अभी राम मंदिर की सीढ़ियों की ऊंचाई का अंदाजा ले रहे हैं।
जहां तक कुंडा में बाबा बागेश्वर की कथा का सवाल है तो वह काफी सफल कही जा रही है। शायद इसीलिए गोंडा के बाहुबली और छह बार के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ही अंदाज में कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के लिए कहा कि आपका दबदबा था, दबदबा है और दबदबा बना रहेगा। अब अगर बृजभूषण शरण सिंह किसी की ऐसी तारीफ करते हैं तो उसका वजन तो होगा ही। और ये सीधा संकेत अखिलेश यादव के लिए है कि उन्होंने बाबा बागेश्वर का विरोध कर हिंदुओं और विशेषकर ठाकुरों को एकत्र कर दिया है। कथा में आए अतिथियों की बात करें तो इसमें पतंजलि पीठ के स्वामी रामदेव और झारखंड के सांसद निशिकांत दुबे भी उपस्थित रहे। इसके अलावा कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने राजस्थान से लगभग 500 हिंदू शरणार्थियों को भी बुलाया था। उन्होंने विशेष रूप से आकर बाबा बागेश्वर की कथा का श्रवण किया। यानी की बाहुबल, राजनीति और सनातन का बहुत चटपटा घमंजा भी देखने को मिला।
बात शुरू होती है धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की एक कथा से। बताते हैं कि कथा के दौरान उन्होंने राम और कृष्ण की तुलना करते हुए ये कह दिया कि हमारे राम तो सीधे हैं, और तुम्हारे कृष्ण टेढ़े हैं। और बताते हैं कि अखिलेश यादव के सलाहकारों ने उन्हें एक लाइन पकड़ा दी कि बाबा बागेश्वर ने भगवान श्री कृष्ण का अपमान किया है। और भगवान श्रीकृष्ण के अपमान के बहाने उन्होंने यादवों का भी अपमान किया है। इसके बाद अखिलेश यादव ने ये लाइन पकड़ ली और ऐलान कर दिया कि अब वे यूपी में उनकी कोई कथा नहीं होने देंगे। और अगर कथा होगी तो पार्टी उनका विरोध करेगी। बागेश्वर बाबा ने हालांकि अपनी कथा के में दिए गए उद्धरण के लिए यह कहकर माफी मांग ली यदि किसी को इससे तकलीफ हुई है तो उसे क्षमा करें। हमने भावावेष में आकर ऐसा कह दिया था, हमारी मंशा गलत नहीं थी। हम सपने में भी भगवान श्री कृष्ण का अनादर नहीं कर सकते हैं। लेकिन इससे अखिलेश यादव का चुनावी नैरेटिव सेट होता था तो उन्होंने इस मुद्दे को छोड़ा नहीं, और कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ढोंगी है, और उन्होंने भगवान श्री कृष्ण का अपमान किया है। साथ ही उन्होंने यादव समाज का भी अपमान किया है। इसलिए हम यूपी में कहीं भी उनकी कथा नहीं होने देंगे और उनको यूपी में घुसने नहीं देंगे। फिर अखिलेश यादव की इस चुनौती को स्वीकार किया, कुंडा के कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने। राजा भैया ने चैलेंज देकर कहा कि कुंडा में 17-19 नवंबर को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा होगी। और देखें कौन माई का लाल उनकी कथा को रोक लेता है। नतीजा ये हुआ कि कथा इतनी भव्य हुई कि उसमें लाखों लोग शामिल हुए। पूरे देश की मीडिया ने वहां जाकर कवरेज किया। इस मौके पर पुलिस की व्यवस्था तो थी ही, राजा भैया ने भी अपने 3000 वालंटियर व्यवस्था में उतार दिए थे। आसपास के जिलों के लाखों लोगों ने आकर कथा श्रवण किया। यानी कि अखिलेश यादव का विरोध का दांव उल्टा पड़ गया और बाबा की कथा धूमधाम से हुई। अब तो ये भी खबर है कि बाबा बागेश्वर की कथाएं गोंडा, लखनऊ और न जाने कितनी जगह पर होनी है। मतलब ये है कि अखिलेश यादव का विरोध वाला दावं उल्टा पड़ ये ये येपड़ गया।
इसी दौरान भाजपा ने भी मथुरा में अपनी दो दिनी बैठक 15 और 16 नवंबर को कर एक बड़ा सियासी संदेश दे दिया है। खबरों के मुताबिक भाजपाइयों का मानना है कि अब राम मंदिर का मसला निपट गया है। इस कारण अब वह अपना राजनीतिक एजेंडा कृष्ण जन्म स्थान पर केंद्रित करेगी। इसी कारण मीटिंग से निकलते ही उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बाकायदा नारा दे दिया कि राधे-राधे, बेड़ा पार लगा दे। साथ ही यह भी नारा लगाया कि अयोध्या तो हमारी है, और अब मथुरा की बारी है। अब भाजपा के अंदर खाने की खबर यही है कि भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव अब कृष्ण जन्म स्थान की मुक्ति के मुद्दे पर लड़ेगी। और खबर है कि बहुत जल्द कृष्ण जन्म स्थान की कार सेवा के लिए भी घोषणा की जाएगी। यानी की 2027 का चुनावी एजेंडा भाजपा ने सेट कर दिया है। और वीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उसमें सोने में सुहागा करते हुए अपनी कथाएं करना शुरू कर चुके हैं।
अतीत में झांकें तो यही देखने को मिलेगा कि जब-जब चुनाव के पहले बाबा बागेश्वर की कथाएं किसी राज्य में हुई हैं तो उसका फायदा भाजपा हुआ है। अभी हाल ही में 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी इसका असर देखने को मिला। यानी जब बाबा बागेश्वर ने बिहार में अपनी कथा करने का प्रोग्राम बनाया तो राजनीतिक दलों ने उनकी कथाओं का विरोध किया। नतीजा यह हुआ कि वहां पर हिंदू यूनाइटेड हुआ और बाबा की सफलतम कथा हुई, और चुनाव भाजपा के पक्ष में गये। भाजपा अब वही प्रयोग उत्तर प्रदेश में भी करना चाहती है। अब इसमें सफलता कितनी मिलेगी, ये तो चुनाव का परिणाम ही बताएगा लेकिन इतिहास को आईना मानें तो पिक्चर एकदम क्लियर है और भाजपा की जीत लगभग तय है। कुल मिलाकर अखिलेश यादव का बाबा बागेश्वर का विरोध उनके लिए उल्टा पड़ता दिखाई दे रहा है हालांकि उनका कहना है कि उस कथा में जाने वाले सनातनी है है या नहीं, लेकिन वे पीडीए वाले हिंदू नहीं है। यानी अभी भी अखिलेश यादव को अपने पीडीए पर पूरा भरोसा है। पर लेकिन उनका भरोसा कितना सही रहेगा यह तो आने वाला व्यक्ति बता पाएगा। फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुंडा, कथा और कृष्ण की बहुत चर्चा है।
