कानपुर से आनंद विहार के बीच नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन शुरू। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, जानिए ट्रेन का समय, नंबर और ठहराव।
कानपुर। कानपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। करीब 25 साल के लंबे इंतजार के बाद कानपुर सेंट्रल से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। 16 नवंबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिला अध्यक्ष रघुनंदन भदौरिया समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि करीब 25 साल बाद कानपुर से नई ट्रेन की शुरुआत होना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। सांसद ने बताया कि रेल मंत्री ने कानपुर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की बात भी कही है। इसके अलावा भविष्य में कानपुर से दक्षिण भारत के लिए भी नई ट्रेनों की शुरुआत होने की उम्मीद है।
प्रतिदिन चलेगी ट्रेन, जानिए समय और ठहराव
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार से कानपुर के लिए संचालित होगी।
करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। रास्ते में ट्रेन का ठहराव फफूंद, इटावा, टुंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर होगा।
सांसद और महापौर ने ट्रेन में किया सफर
नई ट्रेन की शुरुआत के अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता ट्रेन में सवार होकर रवाना हुए। नई सेवा शुरू होने से कानपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली और एनसीआर तक आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
