जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। फरार आतंकी की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज, पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी।
कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू होने की सूचना है। आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया। मुठभेड़ के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों से दोबारा संपर्क स्थापित हुआ, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। इससे पहले सोमवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार को मार गिराया था। हालांकि, उसका सहयोगी और लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट घेराबंदी से निकलने में कामयाब रहा था। उसकी तलाश में लगातार अभियान चलाया जा रहा था।
गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ (CRPF) नाके पर आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। जांच के दौरान उमर निसार डार और लतीफ भट की भूमिका सामने आई थी। सुरक्षा एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही हैं।
