अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले इकबाल अंसारी ने कहा कि सभी लोग रामलला के दर्शन करें और सरयू में स्नान करें। योगी सरकार के विकास कार्यों की भी तारीफ की।
अयोध्या। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है और यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाता है। अयोध्या आने वाले लोगों को सरयू में स्नान करने के साथ भगवान रामलला के दर्शन भी करने चाहिए।
इकबाल अंसारी ने कहा कि जो भी व्यक्ति भगवान की शरण में आता है, उसकी पुकार भगवान जरूर सुनते हैं। उन्होंने अयोध्या में हुए विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। अंसारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या में मठ-मंदिरों के विकास के साथ चौड़ी सड़कों, कुंडों, पार्कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या को एक सुंदर और पर्यटन के लिहाज से आकर्षक नगरी बनाने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अहम भूमिका रही है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए अंसारी ने कहा कि अयोध्या में मंदिर का निर्माण हो चुका है और वहां नियमित रूप से पूजा-पाठ हो रहा है। ऐसे में पुरानी बातों को बार-बार याद करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में किसी के दौरे का विरोध करना उचित नहीं है।
इकबाल अंसारी ने अपने संदेश में कहा कि अयोध्या आने वाले सभी लोगों को यहां की धार्मिक मर्यादा, परंपरा और आपसी सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। उनके इस बयान को अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले अहम माना जा रहा है।