छठी मैया और मां कात्यायनी के संबंध को लेकर पौराणिक मान्यताएं क्या कहती हैं? जानिए छठ पर्व की सूर्य उपासना, प्रकृति पूजा और भगवान शिव से जुड़ी कथाएं।
अभयानंद शुक्ल
मुख्यतः बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ अब लगभग समस्त भारत यहां तक कि विदेशों में बसे प्रवासियों द्वारा श्रद्धा पूर्वक मनाया जाने वाला छठ व्रत बहुत ही पवित्र और साफ सफाई के साथ मनाया जाने वाला पर्व है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को नहाय-खाय से शुरू होकर चतुर्थी तिथि के खरना और पंचमी तिथि को संध्या काल में डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य के साथ षष्ठी तिथि को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य के साथ इस व्रत का पारण होता है। इसकी महत्ता ये है कि देश-विदेश में काम करने वाले सभी लोगों की इच्छा होती है कि वे दीपावली के दिन अपने घर भले न रहें लेकिन छठ पूजा पर जरूर पहुंच जाएं। इस व्रत की खासियत यह है कि इसमें प्रकृति की पूजा होती है और इसकी पूजन सामग्री भी प्रकृति से सीधे प्राप्त होती है।
जैसे गन्ना, केला, गुड़, नींबू, देसी घी और गेहूं के आटे से बना ठेकुआ। और साथ ही इन सभी पूजन सामग्री को रखने के लिए बनी बांस की टोकरी। सब कुछ सीधे प्रकृति से सीधे प्राप्त होता है। पूजन का तरीका भी प्रकृति से जुड़ा होता है।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य के साथ शुरू यह कठिन और निर्जला व्रत दूसरे दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य के साथ पूर्ण होता है। इस व्रत में साफ सफाई और पवित्रता का बड़ा ध्यान रखा जाता है। यहां तक कि पूजन के लिए बनने वाले ठेकुआ के लिए जो लकड़ी प्रयोग में लाई जाती है उसे भी धोकर सुखाकर इस्तेमाल किया जाता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार देवी कात्यायनी और छठी मैया (षष्ठी देवी) में गहरा संबंध है। दोनों ही आदिशक्ति और मातृशक्ति का ही स्वरूप मानी जाती हैं। इन दोनों देवियों का संबंध मुख्य रूप से मातृत्व, पालन-पोषण और संतान की रक्षा से जुड़ा है। मां कात्यायनी और छठी मैया दोनों की पूजा संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन के लिए की जाती है। माना जाता है कि मां कात्यायनी का तेज और वास सूर्य की किरणों व प्रभामंडल में है। और छठ पर्व भी मुख्य रूप से सूर्योपासना का महापर्व है। मान्यताओं और देवी भागवत पुराण के अनुसार, छठी मैया को प्रकृति की मूल शक्ति का छठा अंश और मां कात्यायनी का ही एक स्वरूप माना जाता है। ‘छठी मैया’ और ‘मां कात्यायनी’ दोनों ही अंक ‘छह’ से जुड़ी हैं।
कात्यायनी मां दुर्गा का छठां स्वरूप (नवदुर्गा में छठवीं देवी) हैं, जबकि छठ पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि (छठी तिथि) को मनाया जाता है। जिस प्रकार देवी कात्यायनी ने भोलेनाथ को प्राप्त करने के लिए जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य से लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा की थी, वैसे ही छठ माता वाली पूजा होती है। दोनों देवियां प्रकृति की पूजा से जुड़ी मानी जाती हैं। दोनों की पूजा कमर तक जल में प्रवेश करके की जाती है। दोनों ही पूजाओं में सूर्य की आराधना की जाती है। साथ ही ये पर्व प्रकृति यानी मौसम के बदलाव का प्रतीक भी है। इसमें डूबते सूर्य की पूजा से लेकर उगते सूर्य की पूजा की जाती है। और ऐसा इसलिए ताकि मनुष्य को सर्दी और गर्मी को एक साथ बर्दाश्त करने की प्रेक्टिस कराई जा सके।
एक और कथा के अनुसार ब्रज की गोपियों ने भी भगवान श्रीकृष्ण को पति के रूप में पाने के लिए यमुना नदी में डूबते सूर्य की पूजा से लेकर सूर्य के उगने तक पूजा की और माता कात्यायनी को प्रसन्न किया था। परिणाम स्वरूप माता की कृपा से भगवान श्री कृष्ण ने महारास रचाया, और सभी गोपियों को एक दिन के लिए पत्नी के रूप में स्वीकार किया और सुबह उनका कौमार्य भी वापस कर दिया था।
भोलेनाथ ने देवी कात्यायनी से किया था तीसरा विवाह
एक मान्यता यह भी है कि चूंकि भगवान भोलेनाथ ने ऋषि कात्यायन को श्वसुर के रूप में स्वीकार कर उनकी कन्या के रूप में उनके साथ रह रही देवी कात्यायनी का पाणिग्रहण किया था तो तकनीकी रूप से भोलेनाथ ने उस वक्त तीसरा विवाह भी किया था। वैसे तो भोलेनाथ के दो विवाह ही जगत विख्यात हैं, पर उनका ये तीसरा सांकेतिक विवाह भी चर्चा में आता है।
एक कथा के अनुसार देवी और भोलेनाथ में इस बात पर बहस हो गई कि प्रकृति बड़ी या पुरुष। इतनी बहस हुई कि देवी नाराज होकर कैलाश पर्वत छोड़ कर चली गईं। उसी समय कात्यायन श्रृषि दैव इच्छा से देवी आदिशक्ति को अपनी पुत्री के रूप में पाने के लिए तपस्या कर रहे थे। नाराज देवी कैलाश से उतरीं तो उन्होंने तपस्या रत कात्यायन श्रृषि को दर्शन दिया और उनकी इच्छा के अनुसार कन्या का रूप में प्रकट हुईं। फिर श्रृषि उनका अपनी पुत्री के रूप में पालन पोषण करने लगे।
उधर देवी के कैलाश छोड़ने से संसार का संतुलन बिगड़ने लगा। भोलेनाथ चूंकि संहार के देवता थे, इसलिए संहार होता रहा लेकिन देवी के न होने से निर्माण का कार्य रुक गया था। शास्त्रों के अनुसार शिव पुरुष हैं और देवी प्रकृति का रूप हैं। और दोनों के मिलन से ही निर्माण संभव था। इसलिए दिक्कत बढ़ रही थी। इस बीच महिषासुर नामक असुर का भी आतंक चरम पर था। और एक वरदान के चलते उसका वध कोई पुरुष या कोई देवता नहीं कर सकता था।
ऐसे में उसका नाश करने के लिए भी देवी का लौटना जरूरी था। परंतु मनुष्य योनि में होने के कारण देवी पार्वती अपना अतीत भूल गयी थीं। तब देवताओं ने आकर श्रृषि कात्यायन से प्रार्थना की और समझाया कि आपकी पुत्री के योग्य एक ही वर है, और वह हैं भोलेनाथ। देवों के समझाने पर श्रृषि के कहने पर पर देवी कात्यायनी ने शिव को प्राप्त करने के लिए तपस्या की तो भोलेनाथ प्रकट हुए।
श्रृषि कात्यायन से तब भोलेनाथ से अपनी पुत्री को पत्नी के रूप में स्वीकार करने का निवेदन किया और देवी कात्यायनी का हाथ भोलेनाथ के हाथ में दिया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। और इस प्रकिया को ही पाणि ग्रहण संस्कार कहा गया। और चूंकि भोलेनाथ ने देवी कात्यायनी को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया इसलिए ये भोलेनाथ का तीसरा विवाह भी माना गया। इसके बाद जब देवी कैलाश लौटीं तो उन्हें अपना सारा अतीत भी याद आ गया। फिर त्रिदेवों समेत सभी देवताओं ने अपनी-अपनी शक्तियां देवी को प्रदान कीं। और तब देवी ने दुर्गा का रूप धारण कर महिषासुर का वध किया था।
- लेखक यूपी 24 नेटवर्क के एडीटर इन चीफ हैं।
