मेरठ में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में CM योगी आदित्यनाथ ने वीरता पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि और वार्षिकी दोगुनी करने, स्टांप शुल्क छूट 50 लाख करने और शहीद आश्रितों को नौकरी देने की घोषणा की।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह (Ex-Servicemen Reunion) में सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रदेश में वीरता पदक विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी (Annual Allowance) को दोगुना किया जाएगा। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को मकान खरीदने पर स्टांप शुल्क में छूट की सीमा बढ़ाने और शहीद परिवार के एक सदस्य को गृह जनपद या नजदीकी जिले में सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
वीरता पुरस्कार की राशि होगी दोगुनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाले सैनिकों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है। इसी उद्देश्य से परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र, सेना मेडल, वायुसेना मेडल सहित विभिन्न वीरता और युद्ध सेवा पदकों के विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी दोगुनी की जाएगी।
20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये हुई स्टांप शुल्क छूट की सीमा
मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को मकान खरीदने के मामले में भी राहत देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि संपत्ति के मूल्यांकन पर मिलने वाली स्टांप शुल्क (Stamp Duty) में छूट की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जाएगी। इससे पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को घर खरीदने में आर्थिक राहत मिलेगी।
शहीद के एक आश्रित को गृह जनपद में मिलेगी नौकरी
सीएम योगी ने तीसरी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शहीद सैनिक के एक आश्रित को उसके गृह जनपद अथवा नजदीकी जिले में सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सैनिक कल्याण विभाग विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों की जानकारी जुटाकर नियुक्ति की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगा। सरकार का उद्देश्य है कि शहीद परिवारों को नौकरी के लिए अपने घर और परिवार से दूर न जाना पड़े।
सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, केवल उसकी वर्दी बदलती है, लेकिन राष्ट्रभक्ति और देशसेवा का संकल्प कभी नहीं बदलता। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सैनिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहता है। उसका अनुशासन, अनुभव और राष्ट्र के प्रति समर्पण नई पीढ़ी को दिशा देने का काम करता है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के 2,685 वीर सपूतों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में प्रदेश के सैनिकों का योगदान अविस्मरणीय है।
आठ जिलों में सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 27.50 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का लोकार्पण किया। इनमें औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के वीर सैनिकों के पराक्रम और बलिदान पर आधारित पुस्तक ‘शौर्यगाथा’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में वीर नारियों, शहीद सैनिकों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सैनिकों का त्याग और बलिदान देश की सबसे बड़ी पूंजी है तथा उनके परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।