सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले का खुलासा किया। बताया, राहुल और प्रियंका भी नहीं चाहते थे कि वह PM बनें।
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के फैसले से जुड़े कई अनकहे पहलुओं का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद सहयोगी दलों के नेताओं ने उन पर प्रधानमंत्री बनने के लिए काफी दबाव बनाया था। शुरुआत में उन्होंने इस प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया था, लेकिन लगातार आग्रह के बीच एक समय ऐसा भी आया जब उनके मुंह से धीमे स्वर में ‘ठीक है’ निकल गया। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने फैसले पर दोबारा विचार किया और प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से स्पष्ट इनकार कर दिया।
राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे मां बनें प्रधानमंत्री
सोनिया गांधी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव से कई महीने पहले ही उन्होंने अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से इस मुद्दे पर बात की थी। दोनों नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। इसकी एक बड़ी वजह परिवार पर हुए पुराने राजनीतिक और व्यक्तिगत आघात थे। राहुल और प्रियंका ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की निर्मम हत्या का दर्द झेला था। ऐसे में उन्हें प्रधानमंत्री पद से जुड़ी सुरक्षा संबंधी आशंकाएं थीं।
सोनिया ने लिखा कि उस बातचीत में उन्होंने बच्चों से स्पष्ट कहा था कि वह किसी भी परिस्थिति में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगी। उस समय राहुल और प्रियंका ने राहत महसूस की थी और सोनिया को भी अपना रुख स्पष्ट करने के बाद सुकून मिला था।
गठबंधन नेताओं के दबाव में कहा था ‘ठीक है’
आत्मकथा में सोनिया गांधी ने 10 जनपथ स्थित अपने आवास पर गठबंधन के नेताओं के साथ हुई बैठक का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि कई नेता बारी-बारी से उनसे प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने का आग्रह कर रहे थे। जब उन्होंने अपनी असहमति जताई तो नेताओं ने इसे मानने से इनकार कर दिया।
सोनिया के अनुसार, कुछ नेताओं ने कहा कि वे उनका फैसला स्वीकार नहीं करेंगे और वह इस तरह प्रधानमंत्री बनने से इनकार नहीं कर सकतीं। इस दौरान वह खुद को दबाव में महसूस कर रही थीं। उन्होंने लगभग धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कह दिया। इसके बाद नेताओं ने उनकी बात पूरी होने से पहले ही बधाई देना शुरू कर दिया।
राहुल गांधी ने जताई थी नाराजगी
सोनिया गांधी ने बताया कि बैठक के बाहर मौजूद प्रियंका गांधी ने जब सुना कि उनकी मां ने प्रधानमंत्री बनने के लिए सहमति दे दी है, तो वह रोते हुए राहुल को बताने पहुंचीं। राहुल और प्रियंका तुरंत सोनिया के पास आए। राहुल ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया, जबकि पहले ही अपना फैसला स्पष्ट कर चुकी थीं।
सोनिया ने राहुल से कहा कि गठबंधन के नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और उन पर दबाव बनाया जा रहा था। प्रियंका ने भी उनसे कहा कि वह किसी के दबाव में न आएं और अपने पहले लिए गए फैसले पर कायम रहें।
रातभर विचार के बाद बदला फैसला
सोनिया गांधी ने आत्मकथा में लिखा कि उस दिन वह भावनात्मक रूप से काफी परेशान थीं। एक ओर उन्हें लगता था कि इटली में जन्मी होने के कारण भारत जैसे बड़े देश का नेतृत्व करना उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी होगी, वहीं दूसरी ओर भारत के प्रति अपने कर्तव्य और जनता के भरोसे का भी अहसास था।
मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का किया था ऐलान
सोनिया गांधी ने बताया कि संसद में जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार किया तो कई नेताओं और सांसदों ने उनसे अपना फैसला बदलने की अपील की। लेकिन उन्होंने अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ का हवाला देते हुए पद स्वीकार करने से मना कर दिया।
इसके बाद उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल के नेता पद से हटने और डॉ. मनमोहन सिंह को अपना उत्तराधिकारी नामित करने की घोषणा की। इस ऐलान के बाद संसद में तालियां गूंज उठीं। सोनिया के मुताबिक, राहुल और प्रियंका ने भी खड़े होकर इस फैसले का समर्थन किया।
