धरती तप रही है और आसमान आग उगल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, भारत के 17 शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है.
भारत तप रहा है. इस वक्त दुनिया में सबसे ज्यादा गर्म इलाका भारत का ही है. गर्मी इतनी बढ़ रही है कि कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. प्रचंड गर्मी से भारत किस हद तक तप रहा है? इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारतीय शहरों की संख्या सबसे ज्यादा है.

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 17 शहरों में गर्मी का संकट गहरा गया है. मंगलवार को देश के 17 शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. लगातार तीसरे दिन सबसे ज्यादा तापमान राजस्थान के बाड़मेर में दर्ज किया गया. बाड़मेर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को 46.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मध्यप्रदेश का रतलाम शहर दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जबकि तीसरे नंबर पर रहे जैसलमेर में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
गर्मी की आग में कौन-कौन जल रहा?
अगर देश का नक्शा देखें तो एक बहुत बड़ा इलाका लाल रंग में नजर आता है, जो दिखाता है कि भारत किस हद तक तप रहा है. हालांकि, चार राज्य- राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात गर्मी का सबसे ज्यादा कहर झेल रहे हैं.