सोशल मीडिया पर मशहूर वड़ा पाव गर्ल चंद्रिका दीक्षित की पर्सनल लाइफ इस वक्त बड़े विवाद के दौर से गुजर रही है। पति-पत्नी के बीच का झगड़ा अब पूरी तरह पब्लिक डोमेन में आ चुका है और दोनों एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है।
चंद्रिका ने पति पर लगाए चीटिंग के आरोप
चंद्रिका दीक्षित ने हाल ही में एक भावुक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह रोते-बिलखते हुए नजर आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह घर, बच्चा और वड़ा पाव की दुकान—तीनों की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही हैं, जबकि उनके पति किसी और महिला के साथ रिश्ते में हैं। चंद्रिका के मुताबिक, उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी परिवार और काम को समर्पित कर दी, लेकिन बदले में उन्हें धोखा मिला।
पति युगम गेरा का पलटवार
इन आरोपों पर चंद्रिका के पति युगम गेरा का भी रिएक्शन सामने आया है। युगम का कहना है कि वह भी चंद्रिका के खिलाफ बहुत कुछ कह सकते हैं और उनके पास भी सबूत मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि चंद्रिका की सफलता में उनकी बड़ी भूमिका रही है।
युगम के मुताबिक, दिल्ली में वड़ा पाव की दुकान खोलने में उन्होंने ही चंद्रिका की मदद की थी और आज जो पहचान उन्हें मिली है, वह उसी मेहनत का नतीजा है। विवाद इस कदर बढ़ गया है कि अब दुकान के मालिकाना हक को लेकर भी खुली लड़ाई सामने आ गई है।
दुकान को लेकर धमकी वाला वीडियो
बीती रात युगम गेरा ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि वह दुकान पर मौजूद हैं और यह वीडियो उन्होंने चंद्रिका के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया, क्योंकि फिलहाल उस अकाउंट का एक्सेस उनके पास है।वीडियो में युगम ने कहा कि “चंद्रिका, तू इस दुकान का एक्सेस मुझसे कभी नहीं ले पाएगी। सोशल मीडिया पेज ले ले, लेकिन दुकान नहीं। ये दुकान मैंने बनाई है।”
युगम ने वीडियो में आगे यह भी कहा कि चंद्रिका चाहे जिसके साथ भी रहें, उन्हें फर्क नहीं पड़ता, लेकिन अगर वह व्यक्ति दुकान पर नजर आया, तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। इस बयान के बाद मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है।








