बॉलीवुड एक्टर सोहेल खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बिना हेलमेट बाइक चलाने को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। दरअसल, हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह मुंबई की सड़कों पर रात के समय लग्जरी डुकाटी बाइक चलाते नजर आए। इस दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए।
वीडियो वायरल होने के बाद सोहेल खान ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी गलती स्वीकार की और इसके पीछे की वजह भी बताई।
वायरल वीडियो में बिना हेलमेट दिखे थे सोहेल खान
वायरल क्लिप में सोहेल खान बिना हेलमेट बाइक राइड एंजॉय करते नजर आए। जब कुछ साथी बाइक राइडर्स ने उनसे हेलमेट पहनने की सलाह दी, तो वह नाराज भी दिखाई दिए। इस व्यवहार को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया।
सोहेल खान ने क्या कहा माफी पोस्ट में?
सोहेल खान ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वे सभी बाइक राइडर्स से हेलमेट पहनने की अपील करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वे कभी-कभी हेलमेट इसलिए नहीं पहन पाते क्योंकि उन्हें क्लॉस्ट्रोफोबिया की समस्या होती है, लेकिन यह कोई बहाना नहीं हो सकता।
उन्होंने लिखा कि बाइक राइडिंग उनका बचपन से पैशन रहा है, जो BMX साइकिल से शुरू होकर अब बाइक्स तक पहुंचा है। वे ज्यादातर लेट नाइट राइड करते हैं, जब ट्रैफिक कम होता है और स्पीड भी स्लो रखते हैं, ताकि जोखिम कम हो।
फेलो राइडर्स और ट्रैफिक पुलिस से माफी
सोहेल खान ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि वे क्लॉस्ट्रोफोबिया पर काबू पाने की पूरी कोशिश करेंगे और आगे से हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाएंगे।उन्होंने ट्रैफिक अथॉरिटीज से माफी मांगते हुए कहा कि आगे से सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे।पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि सेफ रहना, बाद में पछताने से बेहतर है, और हाथ जोड़ने वाले इमोजी के साथ एक बार फिर माफी मांगी।








