मेरठ नीले ड्रम हत्याकांड: आरोपी मुस्कान रस्तोगी ने जेल में बेटी को जन्म दिया, सौरभ का परिवार कराएगा DNA टेस्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान रस्तोगी मां बन गई है। रविवार देर रात प्रसव पीड़ा बढ़ने के बाद जिला जेल प्रशासन ने उसे तुरंत एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सोमवार सुबह करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उसकी नॉर्मल डिलीवरी कराई। बच्ची का वजन 2.5 किलो बताया जा रहा है और मां-बेटी दोनों सुरक्षित हैं।मुस्कान पिछले आठ महीने से जेल में बंद है और उसे गर्भवती अवस्था में ही गिरफ्तार किया गया था।
पति की हत्या केस में जेल, और उसी दिन जन्मदिन पर बेटी का जन्म
मामले की सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस पति सौरभ राजपूत की हत्या के आरोप में मुस्कान जेल में है, उसी सौरभ का जन्मदिन भी 24 नवंबर को आता है—और उसी दिन मुस्कान ने अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया।उसकी पहली बेटी पीहू, इस समय सौरभ के माता-पिता के साथ रह रही है। गिरफ्तारी के दौरान मुस्कान डेढ़ महीने की गर्भवती थी।
सौरभ का परिवार बोले—“DNA टेस्ट कराएंगे”
सौरभ के बड़े भाई राहुल राजपूत ने कहा कि परिवार नवजात बच्ची का DNA टेस्ट कराएगा ताकि पिता की पहचान स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा:“यदि रिपोर्ट में बच्ची मेरे भाई की साबित होती है, तो हम उसे अपनाने को तैयार हैं।”परिवार अभी भी इस घटना से मानसिक रूप से आहत है, लेकिन बच्ची की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जताई है।
अस्पताल में भीड़ बढ़ी, सुरक्षा कड़ी
मुस्कान रस्तोगी लंबे समय से सोशल मीडिया और मीडिया की सुर्खियों में रही है और ‘नीले ड्रम वाली मुस्कान’ के नाम से जानी जाती है।जैसे ही उसके प्रसव की खबर फैली, मेडिकल कॉलेज में लोगों की भीड़ लग गई।लोग वीडियो और तस्वीरें लेने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद:
अस्पताल प्रशासन ने महिला वार्ड को बंद किया
केवल मेडिकल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को एंट्री
पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात की
मुस्कान को स्पेशल वार्ड में शिफ्ट किया गया








